Jodhpur: पंचायत चुनाव की तारीख बदलने की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ा युवक

Jodhpur: पंचायत चुनाव की तारीख बदलने की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ा युवक

जोधपुर। प्रदेश में पंचायती राज चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद गांवों में चुनावी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच जोधपुर के केरु पंचायत समिति क्षेत्र की घण्टियाला ग्राम पंचायत में रविवार को चुनाव की तारीख बदलने की मांग को लेकर एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। घण्टियाला निवासी धनसिंह राजपुरोहित का कहना था कि पंचायत चुनाव दीपावली के आसपास होने से बड़ी संख्या में मतदाता, खासकर व्यापारी और कर्मचारी, त्योहार के कामकाज में व्यस्त रहेंगे। ऐसे में मतदान प्रभावित हो सकता है। सूचना पर राजीव गांधी थानाधिकारी रविन्द्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे और समझाइश कर युवक को नीचे उतारा।

जोधपुर में दो चरणों में होंगे सरपंच चुनाव

राज्य निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार जोधपुर जिले में पंच और सरपंच के चुनाव दो चरणों में होंगे। जिले की पंचायत समितियां पहले और दूसरे चरण में बांटी गई हैं। पहले चरण में 25 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 31 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। सरपंच और पंच पद के लिए मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी।

पहले चरण में आगोलाई, बालेसर, चाबा, चामू, सेखाला और शेरगढ़ पंचायत समितियों में सरपंच-पंच के चुनाव होंगे। इन क्षेत्रों में मतदान 25 अक्टूबर को होगा। दूसरे चरण में आसोप, बावड़ी, भोपालगढ़, बिलाड़ा, धवा, हटुंडी, झांवर, कापरड़ा, केरु, लूणी, मंडोर, ओसियां, पीपाड़ शहर, सालवा खुर्द, सामराऊ, तिंवरी और उम्मेदनगर पंचायत समितियां शामिल हैं। यहां 31 अक्टूबर को मतदान होगा।

जोधपुर में सरपंच चुनाव का पूरा कार्यक्रम

चरण जोधपुर की पंचायत समितियां नामांकन मतदान व मतगणना
पहला चरण शेरगढ़, चाबा, बालेसर, आगोलाई, चामू, सेखाला 24 अक्टूबर 25 अक्टूबर
दूसरा चरण ओसिया, सामराउ, तिंवरी, उम्मेदनगर, बावड़ी, हतुंडी, भोपालगढ़, आसोप, पीपाड़ शहर, सालवा खुर्द, मंडोर, लूणी, धवा, बिलाड़ा, कापरड़ा, केरू, झंवर 30 अक्टूबर 31 अक्टूबर

सरपंच चुनाव के लिए कब भरा जाएगा पर्चा?

सरपंच और वार्ड पंच चुनाव के लिए नामांकन संबंधित मतदान चरण से एक दिन पहले होगा। पहले चरण वाली ग्राम पंचायतों में 24 अक्टूबर को नामांकन प्रक्रिया होगी और 25 अक्टूबर को मतदान होगा। दूसरे चरण वाली ग्राम पंचायतों में 30 अक्टूबर को नामांकन होगा और अगले दिन यानी 31 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया के बाद जांच और चुनाव चिह्न आवंटन भी उसी दिन होगा।

यानी केरु पंचायत समिति की घण्टियाला समेत दूसरे चरण में आने वाली ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 30 अक्टूबर को नामांकन और 31 अक्टूबर को मतदान होगा। केरु पंचायत समिति भी दूसरे चरण में है।

चुनाव के लिए जोधपुर में 24 घंटे कंट्रोल रूम

पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तहसील कार्यालय में 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया है। चुनाव संबंधी शिकायत या समस्या के लिए 0291-2551001 पर संपर्क किया जा सकता है। कंट्रोल रूम में तीन पारियों में अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पहली पारी सुबह 6 से दोपहर 2 बजे, दूसरी दोपहर 2 से रात 10 बजे और तीसरी रात 10 से अगले दिन सुबह 6 बजे तक रहेगी।

कंट्रोल रूम से मतदान दलों की नियुक्ति, जोनल व एरिया मजिस्ट्रेट की तैनाती, पुलिस जाब्ता, प्रशिक्षण, नामांकन और सील्ड बॉक्स जमा कराने की रियल-टाइम मॉनिटरिंग व समन्वय किया जाएगा।

यह वीडियो भी देखें :

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *