जम्मू एंड कश्मीर बैंक का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 10.6 प्रतिशत बढ़कर 546.36 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने बीते वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 494.11 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। जम्मू एंड कश्मीर बैंक के निदेशक मंडल ने बृहस्पतिवार को यहां अपने कॉरपोरेट मुख्यालय में हुई बैठक में दूसरी तिमाही और चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही के वित्तीय नतीजों की समीक्षा करने के बाद उन्हें मंजूरी दी।
जम्मू एंड कश्मीर बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) दूसरी तिमाही में पांच प्रतिशत बढ़कर 1,502 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, अन्य आय दोगुने से अधिक होकर 314.90 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 153.76 करोड़ रुपये थी। जम्मू एंड कश्मीर बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमिताभ चटर्जी ने कहा कि शुद्ध ब्याज आय में वृद्धि, अन्य आय का दोगुना होना और दूसरी तिमाही में परिचालन लाभ में सालाना आधार पर 26 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी बैंक के प्रदर्शन में उत्साहजनक मजबूती को दर्शाता है।

