रीवा में शराब के विवाद में JCB ड्राइवर की हत्या:शव को 1 किमी दूर ले जाकर चढ़ाई मशीन; एक्सीडेंट दिखाने की रची साजिश

रीवा में शराब के विवाद में JCB ड्राइवर की हत्या:शव को 1 किमी दूर ले जाकर चढ़ाई मशीन; एक्सीडेंट दिखाने की रची साजिश

रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र (पटेहरा चौकी) में एक 18 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या मामला सामने आया है। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया और इसे सड़क हादसा साबित करने के लिए शव के ऊपर जेसीबी मशीन चढ़ा दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। मृतक की पहचान पटेहरा निवासी 18 वर्षीय दुर्गेश कोल पिता पप्पू कोल के रूप में हुई है, जो पेशे से एक जेसीबी चालक था। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात तलरी पोखरी के पास दुर्गेश का कुछ लोगों के साथ शराब के नशे में विवाद हो गया था। यह कहासुनी देखते ही देखते इतनी ज्यादा बढ़ गई कि आरोपियों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
हादसा दिखाने 1 किमी दूर ले गए शव, ऊपर चढ़ा दी JCB हत्या के बाद आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को गुमराह करने की एक खौफनाक साजिश रची। सूत्रों के मुताबिक, वे दुर्गेश के शव को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर ले गए और उसके ऊपर जेसीबी मशीन चढ़ा दी, ताकि देखने में यह पूरी तरह से एक सड़क दुर्घटना लगे। इसके बाद पुलिस को भी सड़क हादसे की ही फर्जी सूचना दी गई, ताकि प्रारंभिक जांच को भटकाया जा सके। SDOP और थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर, जांच तेज घटना की असलियत सामने आने पर एसडीओपी डभौरा नारायण कुम्हारे और थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जवा भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस अंधे कत्ल की पूरी गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *