Janmashtami पर मथुरा जा रहे हैं तो क्या-क्या देखें? UP Tourism ने बताया

Janmashtami पर मथुरा जा रहे हैं तो क्या-क्या देखें? UP Tourism ने बताया

Janmashtami 2026 Mathura Travel Plan: जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा और आसपास के ब्रज इलाकों में कृष्ण से जुड़ी जगहों पर भक्तों की खास भीड़ रहती है। ऐसे में अगर आप जन्माष्टमी 2026 पर मथुरा जाने का प्लान बना रहे हैं, तो सिर्फ मथुरा तक ही सीमित रहने के बजाय पूरे ब्रज को एक्सप्लोर कर सकते हैं। यूपी टूरिज्म ने अपने इंस्टाग्राम चैनल पर ब्रज घूमने के लिए 5 दिन का ट्रैवल प्लान शेयर किया है। इस प्लान में मथुरा से लेकर गोकुल, बलदेव, वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना और नंदगांव तक की खास जगहों को शामिल किया गया है। आइए जानते हैं कि आप अपने मथुरा ट्रिप को यादगार बनाने के लिए किन किन जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।

मथुरा से करें शुरुआत

ब्रज यात्रा का पहला दिन मथुरा से शुरू किया जा सकता है। मथुरा को भगवान कृष्ण की जन्मभूमि माना जाता है। यहां भगवान श्री कृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करने के बाद श्री द्वारकाधीश मंदिर जा सकते हैं। इसके बाद कंस किला घूमने और विश्राम घाट पर शाम की यमुना आरती देखने का प्लान बना सकते हैं।

दूसरा दिन गोकुल के नाम

दूसरे दिन गोकुल में रमण रेती और चौरासी खंभा देख सकते हैं। इसके बाद बलदेव में दाऊजी मंदिर के दर्शन करें। यह जगह भगवान बलराम से जुड़ी मान्यताओं के लिए जानी जाती है।

तीसरा दिन वृंदावन में बिताएं

तीसरे दिन वृंदावन जाएं। यहां श्री बांके बिहारी मंदिर से दिन की शुरुआत कर सकते हैं। इसके बाद निधिवन और रंगनाथ जी मंदिर घूम सकते हैं। शाम के समय केशी घाट पर यमुना किनारे कुछ समय बिता सकते हैं। दिन का अंत प्रेम मंदिर की खूबसूरत रोशनी और राधा कृष्ण से जुड़ी झांकियां देखते हुए कर सकते हैं।

चौथे दिन गोवर्धन जाएं

चौथे दिन भगवान श्री कृष्ण की बाल-लीलाओं के लिए फेमस गोवर्धन पर्वत (जिसे गिरिराज जी भी कहा जाता है) के साथ ही मानसी गंगा, राधा कुंड और श्याम कुंड जैसे खास स्थान देख सकते हैं। इसके बाद कुसुम सरोवर जा सकते हैं।

पांचवें दिन बरसाना और नंदगांव घूमें

ब्रज यात्रा के आखिरी दिन बरसाना और नंदगांव जाएं। बरसाना में श्री लाड़ली जी मंदिर और कीर्ति मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। इसके बाद भगवान कृष्ण के बचपन और नंद बाबा और यशोदा मैया से जुड़ा नंद भवन और पावन सरोवर घूम सकते हैं। इसके अलावा बरसाना में अपनी भव्य सुंदरता, अनूठी वास्तुकला और आध्यात्मिक शांति के लिए प्रसिद्ध रंगीली महल भी देख सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *