Voter Travel Rush: इन दिनों जयपुर से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में अचानक बड़ा इजाफा हुआ है। इन राज्यों में चल रही चुनावी हलचल के चलते यहां से काफी लोग आवाजाही कर रहे हैं।
खासकर प्रवासी मजदूर, कामकाजी लोग और छात्र बड़ी संख्या में अपने गृह राज्यों में मतदान के लिए गए और कई लोग जा भी रहे हैं। जिससे इन राज्यों की ओर आवाजाही करने वाली ट्रेनें फुल दौड़ रही हैं। हाल ये है कि, उन ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। दूसरी ओर, हवाई सफर पर भी चुनावी असर देखा जा रहा है।
ट्रेनों में यह नजर आ रहे हालात
- 15 दिन तक गुहावाटी जाने वाली कविगुरु एक्सप्रेस में नोरूम
- जयपुर होकर सियालदाह जाने वाली अजमेर-सियालदाह ट्रेन में 25 अप्रेल तक स्लीपर से लेकर एसी तक सभी फुल है। नोरूम की स्थिति मिल रही है।
- हावड़ा सुपरफास्ट में स्लीपर में वेटिंग 150 पहुंच गई है। एसी श्रेणी में वेटिंग 60 से 100 तक मिल रही है। हावड़ा के लिए बुकिंग करने पर भी ऐसा ही हाल है।
- गुहावाटी जाने वाली बाड़मेर-गुहावाटी ट्रेन में 15,20, 22 अप्रेल को नो-रूम मिला।
-तमिलनाडु जाने वाली ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग मिल रही है।
- पटना जाने वाली बाड़मेर-गुहावाटी ट्रेन में भी 20 अप्रेल तक किसी भी श्रेणी में सीट उपलब्ध नहीं है।
तत्काल कोटे में भी निराशा, स्पेशल ट्रेनों से उम्मीद
ट्रेनों में कंफर्म सीट न मिलने के बाद स्लीपर व एसी कोचों में अनाधिकृत टिकटधारी यात्रियों की भी भीड़ बढ़ रही है। जिससे कंफर्म सीट पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। दिक्कत ये भी है कि लोगों को तत्काल कोटे में भी टिकट मिलना बेहद मुश्किल हो गया है। चंद मिनट में कोटा फुल हो रहा है। राहत के नाम पर रेलवे ने कई प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनें भी दौड़ाई हैं, लेकिन उसमें भी भीड़ देखी जा रही है।
हवाई सफर भी महंगा
देखा जा रहा है कि, गर्मी की छुट्टी व चुनावी हलचल के कारण हवाई किराए में भी उछाल है। सामान्य दिनों की तुलना में जयपुर से कोलकाता, गुहावाटी का किराया बढ़ गया है। जिससे लोगों के लिए हवाई यात्रा का विकल्प चुनना भी महंगा साबित हो रहा है।


