Bassi Suicide Case: जयपुर जिले के बस्सी क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक शादीशुदा युवक और उसकी 19 वर्षीय प्रेमिका ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना जयपुर-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर रीको क्षेत्र के पास हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक बस्सी का रहने वाला था और उसकी उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। वहीं मृतका 19 वर्षीय युवती जामड़ोली क्षेत्र की निवासी थी। दोनों के बीच पिछले लगभग 3 साल से प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं।
बाइक के नंबर से हुई पहचान
घटना के बाद शुरुआती जांच में पुलिस को मौके पर किसी भी प्रकार का पहचान पत्र नहीं मिला। इससे मृतकों की पहचान करने में थोड़ी परेशानी हुई। हालांकि ट्रैक के पास एक बाइक खड़ी मिली। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर जानकारी जुटाई, जिसके बाद दोनों की पहचान हो सकी। इसके बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दी।
रात को घर से निकली थी युवती
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती सोमवार रात करीब 10 बजे अपने घर से निकली थी। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटी तो उसके परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चलने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी दौरान देर रात रेलवे ट्रैक पर इस घटना की जानकारी सामने आई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार युवक पहले से शादीशुदा था, जबकि युवती अविवाहित थी। दोनों ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। थाना प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


