Train Cancellation News: जयपुर. मध्य रेलवे के पुणे मंडल के अंतर्गत पुणे-दौंड रेलखंड पर आवश्यक तकनीकी कार्य एवं आधारभूत संरचना के उन्नयन के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इस कारण यात्रियों की सुविधा एवं परिचालन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जयपुर-पुणे-जयपुर रेलसेवा को आंशिक रूप से रद्द किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 12940, जयपुर-पुणे एक्सप्रेस दिनांक 13 जून 2026 को जयपुर से अपने निर्धारित समय पर रवाना होगी, लेकिन यह रेलसेवा पुणे तक न जाकर खड़की स्टेशन तक ही संचालित की जाएगी। इसके चलते यह ट्रेन खड़की और पुणे के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 12939, पुणे-जयपुर एक्सप्रेस दिनांक 14 जून 2026 को पुणे स्टेशन के बजाय खड़की स्टेशन से संचालित होगी। परिणामस्वरूप यह रेलसेवा पुणे-खड़की खंड के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए जयपुर-बांद्रा स्पेशल ट्रेनों में डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी
जयपुर. बढ़ती यात्री मांग और यात्रा सीजन के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए जयपुर-बांद्रा टर्मिनस-जयपुर स्पेशल रेलसेवाओं में अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है। इस कदम से यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी तथा प्रतीक्षा सूची के दबाव में भी कमी आएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09707/09708 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस-जयपुर स्पेशल रेलसेवा में जयपुर से 10 जून 2026 तथा बांद्रा टर्मिनस से 11 जून 2026 को एक थर्ड एसी, एक थर्ड एसी इकोनॉमी और एक शयनयान श्रेणी के डिब्बे अस्थायी रूप से जोड़े जाएंगे। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09705/09706 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस-जयपुर स्पेशल रेलसेवा में जयपुर से 14 जून तथा बांद्रा टर्मिनस से 15 जून 2026 को समान श्रेणी के तीन अतिरिक्त डिब्बों की बढ़ोतरी की जाएगी। रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
काचीगुड़ा-श्रीगंगानगर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अब नियमित रेलसेवा के रूप में चलेगी
जयपुर. यात्री यातायात में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए रेलवे ने काचीगुड़ा-श्रीगंगानगर-काचीगुड़ा साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि में दो अतिरिक्त ट्रिप का विस्तार करने के साथ इसे नियमित रेलसेवा के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे राजस्थान, हरियाणा और तेलंगाना के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
गाड़ी संख्या 07053/07054 काचीगुड़ा-श्रीगंगानगर-काचीगुड़ा साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन काचीगुड़ा से 11 एवं 18 जुलाई 2026 तथा श्रीगंगानगर से 14 एवं 21 जुलाई 2026 को अतिरिक्त दो ट्रिप के रूप में किया जाएगा। इसके बाद इस रेलसेवा को नियमित रूप से गाड़ी संख्या 17601/17602 काचीगुड़ा-श्रीगंगानगर-काचीगुड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा। नियमित संचालन की शुरुआत काचीगुड़ा से 25 जुलाई 2026 तथा श्रीगंगानगर से 28 जुलाई 2026 से होगी। रेलवे के इस निर्णय का यात्रियों ने स्वागत किया है।


