Jaipur internet Ban: जयपुर में 24 घंटे की नेटबंदी, सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर यूजर बोले- छुट्टी ही घोषित कर दो

Jaipur internet Ban: जयपुर में 24 घंटे की नेटबंदी, सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर यूजर बोले- छुट्टी ही घोषित कर दो

Jaipur Internet Shutdown: जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा 8 जून को प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। इसी क्रम में जयपुर में मोबाइल इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि संभावित तनाव और अफवाहों की स्थिति को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके और शांति व्यवस्था कायम रहे।

‘एक्स’ पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया

जयपुर में नेटबंदी के फैसले के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। शंकर सिंह आर्य नाम के एक ‘एक्स’ यूजर ने लिखा कि पूरे जयपुर में नेटबंदी नहीं है। वहीं एक अन्य ने कहा कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 7 जून की मध्यरात्रि 12 बजे से 8 जून की मध्यरात्रि 12 बजे तक इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी। इसके अलावा अंजनी कुमार नाम के एक यूजर ने नेटबंदी पर सवाल उठाते हुए लिखा, ‘जयपुर में छुट्टी ही घोषित कर दो।’

शांति बनाए रखने की अपील

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जयपुर प्रशासन ने नागरिकों से शांति, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि इंटरनेट सेवाओं का निलंबन पूरी तरह एहतियाती कदम है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना से स्थिति प्रभावित न हो। आदेश की अवहेलना करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

30 से अधिक थाना क्षेत्रों में प्रभावी रहेगा आदेश

आदेश के अनुसार पुलिस आयुक्तालय जयपुर तथा जयपुर उत्तर एवं जयपुर पूर्व जिलों के 30 से अधिक थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। इनमें रामगंज, गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर, जयसिंहपुरा खोर और जयपुर पूर्व जिले के सभी थाना क्षेत्र शामिल हैं, जिनमें बस्सी, कानोता, तूंगा, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, जामडोली, एसएमएस अस्पताल, गांधी नगर, लालकोठी, मोतीडूंगरी, एयरपोर्ट जयपुर, मालवीय नगर, जवाहर सर्कल, बजाज नगर, खोह नागोरियान, सांगानेर, प्रताप नगर, रामनगरिया और मालपुरा गेट थाना क्षेत्र शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *