Jaipur Crime : जयपुर के सनसनीखेज सीए अपहरण कांड में बड़ा अपडेट, ₹20 हजार इनामी व फरार आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा

Jaipur Crime : जयपुर के सनसनीखेज सीए अपहरण कांड में बड़ा अपडेट, ₹20 हजार इनामी व फरार आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा

Jaipur Crime : जयपुर के सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आए चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता के सनसनीखेज अपहरण मामले में अशोक नगर थाना पुलिस और डीएसटी दक्षिण ने फरार आरोपी को बापर्दा शनिवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वीर प्रताप सिंह (22 वर्ष) को आगरा रोड स्थित पुरानी चुंगी से पकड़ा। आरोपी वारदात के बाद से लगातार ठिकाने बदल रहा था और जम्मू-कश्मीर, हरिद्वार तथा आगरा में छिपा रहा।

डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि मूलत: आगरा हाल आगरा रोड पुरानी चुंगी निवासी वीर प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को राजीव गुप्ता सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आए थे। इसी दौरान दो युवकों ने चाकू और नकली पिस्टल दिखाकर उन्हें उनकी ही मर्सिडीज कार में जबरन बैठा लिया। बदमाश उन्हें जयपुर से बाहर सुनसान स्थान पर ले जा रहे थे। उनका उद्देश्य फिरौती वसूलना बताया गया है।

चलती कार में राजीव ने बदमाशों के चंगुल से निकलने का प्रयास किया तो आरोपियों ने चाकू और नकली पिस्तौल दिखाकर धमकाया और मारपीट की। एक आरोपी ने शर्ट उतारकर उनका मुंह बांधने का प्रयास किया। इसी दौरान राजीव ने कार का दरवाजा खोलकर कूदने की कोशिश की और बचाव में स्टीयरिंग मोड़ दिया। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। आस-पास के लोगों के पहुंचने पर दोनों बदमाश कार व राजीव को छोड़कर पहाड़ी की ओर भाग गए।

मामले मे मुख्य आरोपी चेतन शर्मा समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका। आरोपी वीर प्रताप की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। सूचना मिली थी कि शुक्रवार को आरोपी आगरा रोड स्थित पुरानी चुंगी आया हुआ है।

चार दोस्तों ने मिलकर की थी प्लानिंग, पारिवारिक स्थिति ठीक नहीं थी

जयपुर पुलिस ने बताया कि करीब 1 हजार CCTV फुटेजों को खंगालते हुए पुलिस टीम ने चेतन शर्मा को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर किडनैपिंग कर फिरौती वसूलने का प्लान बनाना बताया। जिसके बाद वारदात में शामिल उसके दोनों दोस्त हनुमान प्रजापत को बस्सी और जैनुल खान को जवाहर नगर से दबिश देकर पकड़ा गया। पुलिस जांच में सामने आया वारदात में शामिल चारों दोस्तों की पारिवारिक स्थिति ठीक नहीं है। चेतन शर्मा पहले डिलीवरी बॉय था। काफी समय से उसके पिता भी बीमार चल रहे हैं। पकड़े गए आरोपी हनुमान प्रजापत और जैनुल खान भी कपड़े की दुकान पर काम करते थे। कर्जा चुकाने और मौज-मस्ती भरी जिदंगी जीने के लिए चारों दोस्तों ने प्लान बनाया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *