Jaipur : एसयूवी से आए बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में आधे घंटे में लूटा जयपुर में बैंक का ATM, पुलिस को मेवात गैंग पर शक

Jaipur : एसयूवी से आए बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में आधे घंटे में लूटा जयपुर में बैंक का ATM, पुलिस को मेवात गैंग पर शक

Jaipur : जयपुर के वैशाली नगर थाना इलाके में बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एटीएम काटकर करीब दो लाख रुपए चोरी कर लिए। एसयूवी गाड़ी से आए तीन बदमाश पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। बदमाशों ने पहले इलाके की रैकी की और इसके बाद गाड़ी में रखे गैस कटर से खिरनी फाटक स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को काट दिया। करीब आधे घंटे तक एटीएम के अंदर रहकर वारदात करने के बाद बदमाश नकदी लेकर फरार हो गए।

पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाश एसयूवी गाड़ी से आते हुए दिख रहे हैं। वे हाथों में औजार लेकर आए थे। बदमाशों ने वारदात से पहले अपनी गाड़ी पर दूसरी गाड़ी के नंबर लगा लिए थे, जिससे उनकी पहचान छिपाई जा सके। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी की जानकारी जुटाई तो पता चला कि उस पर लगे नंबर किसी अन्य वाहन के हैं। पुलिस को आशंका है कि जिस एसयूवी से बदमाश आए थे, वह भी चोरी की हो सकती है।

शटर आधा गिराकर काटा एटीएम

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात करीब 3 बजकर 25 मिनट की है। जयपुर में खिरनी फाटक के पास लाल मंदिर के पीछे लगे इस एटीएम के आसपास दुकानें और बाजार क्षेत्र है। बदमाश एटीएम में घुसे और सुरक्षा के लिए शटर को आधा नीचे गिरा दिया। इसके बाद गैस कटर की मदद से एटीएम को काटकर उसमें रखी नकदी निकाल ली। बदमाश करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक एटीएम के अंदर रहे, लेकिन आस-पास किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह करीब 9 बजे एटीएम काटे जाने की सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी अरविंद सिंह और एसीपी अनिल कुमार शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एफएसएल और तकनीकी टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस के अनुसार रात को ही एटीएम में दो लाख रुपए डाले गए थे। ऐसे में बदमाश करीब 1 लाख 99 हजार 500 रुपए लेकर फरार हुए हैं। एटीएम बूथ पर गार्ड भी नहीं था। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम और तकनीकी टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं।

मेवात के बदमाशों पर शक

पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे मेवात क्षेत्र के शातिर बदमाशों का हाथ हो सकता है। जिस तरीके से बदमाशों ने रैकी कर, नंबर बदलकर और गैस कटर जैसे उपकरणों के साथ वारदात को अंजाम दिया, उससे माना जा रहा है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *