Ixigo Share Price 7th August: रिकॉर्ड मुनाफे के बावजूद 13% गिरकर क्यों बंद हुआ शेयर? जानिए ब्रोकरेज फर्म्स ने क्या दिए टार्गेट प्राइस

Ixigo Share Price 7th August: रिकॉर्ड मुनाफे के बावजूद 13% गिरकर क्यों बंद हुआ शेयर? जानिए ब्रोकरेज फर्म्स ने क्या दिए टार्गेट प्राइस

Ixigo ने जून तिमाही में अपने इतिहास का सबसे बड़ा मुनाफा कमाया है, लेकिन शेयर बाजार ने इस खबर पर कोई अच्छा रिस्पांस नहीं दिया। उल्टे, शुक्रवार को कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान 13 फीसदी से ज्यादा टूट गया। वजह रही कंपनी की वही रणनीति, जिस पर वह अड़ी हुई है। मैनेजमेंट ने स्पष्ट कर दिया कि होटल कारोबार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में निवेश का सिलसिला जारी रहेगा। यही बात निवेशकों और ब्रोकरेज कंपनियों को खटकी है। उनका मानना है कि इन बड़े निवेशों का असर आने वाले कुछ समय तक कंपनी के मुनाफे और मार्जिन पर पड़ सकता है। कंपनी का शेयर एनएसई पर 12.91 फीसदी या 26.17 रुपये की गिरावट के साथ 176.50 रुपये पर बंद हुआ है।

PC: NSE
PC: NSE

मुनाफे और कारोबार दोनों में मजबूत ग्रोथ

ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म Ixigo ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 34.24 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। यह पिछले साल की समान तिमाही के 18.94 करोड़ रुपये की तुलना में 81% ज्यादा है। कंपनी का परिचालन राजस्व भी 13% बढ़कर 356.75 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 316.05 करोड़ रुपये था। उधर कंपनी के EBITDA में 65% की बढ़ोतरी दर्ज हुई और यह 53.52 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि, एक आंकड़ा ऐसा भी रहा जिसने बाजार की चिंता बढ़ा दी। एडजस्टेड EBITDA 7% घटकर 29.24 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने बताया कि होटल कारोबार और AI तकनीक में निवेश बढ़ने से इस पर असर पड़ा।

ट्रांजैक्शन और बुकिंग में भी नया रिकॉर्ड

पहली तिमाही के दौरान कंपनी का ग्रॉस ट्रांजैक्शन वैल्यू (GTV) 19% बढ़कर 5,524.33 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, कंट्रीब्यूशन मार्जिन भी 13% बढ़कर 144.94 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यह बताता है कि ग्राहक बेस और बुकिंग दोनों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

होटल बिजनेस पर बड़ा दांव

कंपनी ने एक्सचेंज को बताया कि बोर्ड ने IXIGO PTE में 2,19,200 यूरो के निवेश को मंजूरी दी है। इसके अलावा Sqaas को कन्वर्टिबल लोन देने का भी फैसला किया गया है। यह निवेश नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद पूरा होगा।

मैनेजमेंट ने क्या कहा?

ग्रुप CEO आलोक बाजपेयी और ग्रुप को-CEO रजनीश कुमार ने कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक माहौल के बावजूद कंपनी ने बाजार हिस्सेदारी बढ़ाई है और रिकॉर्ड GTV, राजस्व तथा मुनाफा हासिल किया है। उन्होंने बताया कि बस टिकट कारोबार सबसे तेज बढ़ने वाला सेगमेंट रहा, जहां GTV में 39% की बढ़ोतरी हुई। वहीं Brevistay के अधिग्रहण के बाद होटल बिजनेस भी नई रफ्तार पकड़ रहा है। कंपनी अब ग्राहक अनुभव बेहतर बनाने और इस कारोबार को बड़ा करने पर फोकस कर रही है।

ब्रोकरेज क्यों हुए सतर्क?

Ixigo की रणनीति को लेकर ब्रोकरेज कंपनियों ने सतर्क रुख अपनाया है। JM फाइनेंशियल का कहना है कि कंपनी अपने मुख्य ऑनलाइन ट्रैवल कारोबार से होने वाली कमाई को होटल बिजनेस और AI प्लेटफॉर्म पर खर्च करती रहेगी। इससे आने वाली कुछ तिमाहियों में मार्जिन और मुनाफे पर दबाव बना रह सकता है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 से 2029 के लिए कंपनी की प्रति शेयर आय (EPS) के अनुमान में 5% से 9% तक की कटौती कर दी है। साथ ही जून 2027 के लिए टार्गेट प्राइस 220 रुपये से घटाकर 200 रुपये कर दिया है।

Motilal Oswal की क्या राय है?

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेस का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 से 2028 के बीच कंपनी का रेवेन्यू , EBITDA और मुनाफा क्रमशः 21%, 36% और 35% की सालाना दर से बढ़ सकते हैं। ब्रोकरेज ने शेयर का टार्गेट प्राइस 215 रुपये रखा है, लेकिन लगातार बढ़ते निवेश और शॉर्ट टर्म में मार्जिन पर दबाव की आशंका को देखते हुए अपनी रेटिंग ‘Buy’ से घटाकर ‘Neutral’ कर दी है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *