भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शुक्रवार को कहा कि ‘स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट’ (स्पेडेक्स) का हिस्सा रहे दो उपग्रह पृथ्वी के वायुमंडल में वापस आ गए हैं, जिससे लगभग 22 महीने बाद इस मिशन का समापन हो गया है। तीस दिसंबर 2024 को प्रक्षेपित किए गए ‘स्पेडेक्स’ मिशन के तहत दो उपग्रहों- ‘स्पेडेक्स-ए’ और ‘स्पेडेक्स-बी’ का उपयोग करके, महत्वपूर्ण स्वायत्त अंतरिक्ष मिलन और किफायती ‘डॉकिंग’ (उपग्रहों के आपस में एक-दूसरे से जुड़ने) प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया गया। इसरो के अनुसार, ‘स्पेडेक्स-ए’ ने 12 अक्टूबर को रात 10:18 बजे दक्षिण प्रशांत महासागर के ऊपर वायुमंडल में दोबारा प्रवेश किया, जबकि ‘स्पेडेक्स-बी’ ने 13 अक्टूबर को सुबह 5:06 बजे उत्तरी अटलांटिक महासागर के ऊपर वायुमंडल में दोबारा प्रवेश किया।
एजेंसी ने बताया कि दोनों अंतरिक्ष यानों ने अपने सभी मुख्य मिशन उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इसरो ने कहा, ‘‘परिचालन के बाद के चरण में, दोनों उपग्रहों का ईंधन खत्म हो गया; वे कक्षाओं में धीरे-धीरे नीचे आते गए, जिसके परिणामस्वरूप 12 अक्टूबर 2026 को वे वायुमंडल में वापस प्रवेश कर गए।’’

