Iran US: ईरान ने अमेरिका के सामने रखी नई शर्तें, बताया कैसे खुलेगा ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’

Iran US: ईरान ने अमेरिका के सामने रखी नई शर्तें, बताया कैसे खुलेगा ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’

तेहरान। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के जलमार्ग को फिर से खोलने के लिए अमेरिका के सामने नई शर्तें रखी हैं। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (SNSC) द्वारा जारी बयान के मुताबिक, जब तक अमेरिका अपना रवैया ‘ठीक’ नहीं करता और हुए नुकसान की भरपाई नहीं करता, तब तक यह होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, SNSC के सचिव और रिवोल्यूशनरी गार्ड के कमांडर मोहम्मद बाघेर जोलघाद्र ने इस मांग पत्र को जारी किया है।

ईरान की मुख्य मांगें

रिपोर्ट के अनुसार, जोलघाद्र द्वारा बताई गई शर्तों में अमेरिका ईरान और उसके सहयोगियों पर स्थायी रूप से हमले बंद करे और क्षेत्र से अपनी सेना हटाए। युद्ध के दौरान हुए नुकसान के लिए अमेरिका ‘पूरा मुआवजा’ दे। ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसेना द्वारा लगाई गई नाकेबंदी को तुरंत हटाया जाए। ईरान के खिलाफ लगाए गए सभी प्रतिबंध हटाए जाएं और अमेरिका में फ्रीज की गई उसकी संपत्तियों को बिना शर्त बहाल किया जाए।

ओमान के साथ बातचीत जारी

होर्मुज जलडमरूमध्य व्यापार का एक अहम रास्ता है, जिससे दुनिया के तेल व्यापार का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा नियंत्रित होता है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि वे इस मार्ग पर जहाजों की आवाजाही को लेकर ओमान के साथ एक समझौते के करीब हैं, लेकिन मार्ग को पूरी तरह खोलना अमेरिका द्वारा ‘इस्लामाबाद समझौते’ के उल्लंघनों के मुआवजे पर निर्भर करेगा। ओमान ने भी बातचीत के सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की पुष्टि की है।

यूएई के तेल टैंकर पर हमला

संयुक्त अरब अमीरात ने कहा कि शनिवार सुबह होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान ने अबू धाबी की सरकारी तेल और गैस कंपनी ADNOC के एक जहाज पर हमला किया। कंपनी के मुताबिक, हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। कंपनी ने यह भी बताया कि इस साल की शुरुआत में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से इस जलडमरूमध्य में उसके एक दर्जन से ज्यादा जहाजों पर हमले हो चुके हैं।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति बोले- चल रही है बातचीत

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि बातचीत चल रही है, लेकिन यह देखना बाकी है कि क्या यह समझौता अमेरिका के हितों के अनुकूल होगा। उन्होंने कहा कि हम अभी इस प्रक्रिया के बीच में हैं। सवाल यह है कि क्या ईरान वह सब देने को तैयार है जो हमारे सुरक्षा हितों के लिए जरूरी है। फिलहाल हमारा ध्यान जहाजों की सुरक्षित आवाजाही का ढांचा तैयार करने पर है। अमेरिका ने अभी तक ईरान की नई शर्तों पर अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *