विकास कार्यों और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश:सभापति ने कर्मचारियों को समय पर ऑफिस पहुंचने के लिए किया पाबंद

विकास कार्यों और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश:सभापति ने कर्मचारियों को समय पर ऑफिस पहुंचने के लिए किया पाबंद

झालावाड़ नगर परिषद सभापति प्रदीप सिंह राजावत ने अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने शहर के विकास कार्यों और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए। सभापति ने सभी को समय पर ड्यूटी पर पहुंचने के लिए भी पाबंद किया। सभापति राजावत ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शहर में सफाई और प्रकाश व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए। इसके साथ ही लंबित पट्टा और निर्माण स्वीकृतियों को समय पर जारी करने के लिए भी कहा गया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 9:30 बजे कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। बैठक में आमजन की समस्याओं का तुरंत निदान करने, खराब पड़े वाहनों की तुरंत मरम्मत करवाने और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण गाड़ियों को रोजाना व समय पर शहर के प्रत्येक क्षेत्र में भेजने पर जोर दिया गया। आयुक्त को सड़कों से आवारा जानवरों को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए गए। सभापति ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जिन लोगों की राशि जमा हो गई है, उन्हें जल्द से जल्द भूखंड उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में आयुक्त अशोक शर्मा, अधिशासी अभियंता मनीष सिंह, सहायक अभियंता भावेश रांकावत, सौरभ गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता संदीप काशवानी सहित परिषद के सभी कर्मचारी उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *