जैसाण में होली के पर्व में खुशियों के बीच मिले ‘ जख्म ’

जैसाण में होली के पर्व में खुशियों के बीच मिले ‘ जख्म ’

खुशियां मनाने और उल्लास जताने के पर्व होली के मौके पर कुछ अप्रिय घटनाएं भी सामने आई हैं। इनमें एक सडक़ हादसे में युवक की मौत हो गई जबकि दूसरी घटना में होलिका दहन करने के स्थान को लेकर दो पक्षों में विवाद गहरा गया। गत सोमवार को होली पर्व के मौके पर देर रात शहर स्थित लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी स्थित बाइपास पुलिया पर बाइक की बोलेरो कैंपर से भिड़ंत हो गई।

हादसे में काहला निवासी मोहन नाथ की इलाज के लिए जोधपुर ले जाते समय देचू के पास मौत हो गई, जबकि उसका साथी दलपतनाथ गंभीर रूप से घायल है और उसे जोधपुर में भर्ती करवाया गया। जानकारी के मुताबिक दलपत नाथ (20) पुत्र सुमार नाथ निवासी काहला और मोहन नाथ (25) पुत्र तेज नाथ देवीकोट से जैसलमेर होते हुए बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। सांवल कॉलोनी के पास स्थित पुलिया पर सामने से आ रही कैंपर से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को राजकीय जवाहिर चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया। जोधपुर ले जाते समय देचू के पास मोहन नाथ ने दम तोड़ दिया, जबकि दलपत नाथ का एमडीएम अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज जारी है।

शांति भंग के आरोप में 2 गिरफ्तार

जिला मुख्यालय के समीपवर्ती अमरसागर गांव में गत सोमवार शाम नगर विकास न्यास की खाली जमीन पर होलिका दहन की तैयारी के दौरान विवाद हो गया। एक परिवार ने जमीन पर कब्जे की आशंका जताते हुए विरोध किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने समझाइश की और पुलिस की मौजूदगी में विधि विधान से होलिका दहन कराया गया। इस मामले में दो जनों को शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया गया। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम अमरसागर में लोग न्यास की जमीन पर होलिका दहन की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी ने आपत्ति जताई। विवाद बढऩे पर अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और विरोध करने लगे। इस मामले में पुलिस ने राजेश माली और सवाई सिंह को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *