INDW vs SLW: श्रीलंका को फाइनल में रौंदकर भारतीय टीम ने रचा इतिहास, रिकॉर्ड 8वीं बार जीता वूमेंस एशिया कप का खिताब

INDW vs SLW: श्रीलंका को फाइनल में रौंदकर भारतीय टीम ने रचा इतिहास, रिकॉर्ड 8वीं बार जीता वूमेंस एशिया कप का खिताब

IND vs SL Highlights Women’s Asia Cup Final: वूमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर आठवीं बार खिताब जीत लिया। फाइनल में 72 रनों से जीत वूमेंस T20 इतिहास के किसी भी फाइनल की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ ही T20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में जीत हासिल की थी। अब तक चार वनडे फॉर्मेट में वूमेंस एशिया कप हुए हैं, जिसमें चारों बार भारतीय टीम चैंपियन बनी है। उसके बाद से T20 फॉर्मेट में यह छठा टूर्नामेंट था, जिसमें चौथी बार भारतीय टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया। 2024 में श्रीलंका और 2018 में बांग्लादेश ने ट्रॉफी उठाई थी।

111 रन पर ढेर हो गई श्रीलंका

इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर ऑल आउट हो गई। मुकाबले में हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने धमाकेदार शुरुआत दी और दोनों ने अपना अर्धशतक पूरा तो किया ही, साथ ही पहले विकेट के लिए 120 रन से ज्यादा रन जोड़े।

शेफाली वर्मा के रूप में भारतीय टीम को पहला झटका लगा। उन्होंने 39 गेंद का सामना किया और 9 चौके और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। इसके बाद स्मृति मंधाना भी 59 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष कुछ खास नहीं कर सकीं, लेकिन गुलनाल कामलिनी ने पांच गेंद में 15 रन ठोककर भारत को 180 के पार पहुंचा दिया।

दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाईं आखिरी 6 बल्लेबाज

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। क्रांति गौड़ ने इमेशा दुलानी को चार रन के स्कोर पर ही पवेलियन भेज दिया। इसके बाद चमारी अटापट्टू और विश्मी गुणरत्ने के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। अटापट्टू 36 रन बनाकर आउट हुईं तो विश्मी गुणरत्ने ने 20 रन बनाए। इसके अलावा हर्षिता समरविक्रमा ने 11 रन बनाकर श्री चरणी का शिकार हुईं। निलाक्षिका सिल्वा 22 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद आखिरी छह बल्लेबाज दहाई के भी आंकड़े को नहीं छू सकीं।

भारत की ओर से श्री चरणी ने चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट चटकाए तो दीप्ति शर्मा ने भी चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट लिए। श्री चरणी एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाली भारतीय गेंदबाज बन गई हैं। अब उनके नाम इस साल अब तक 39 विकेट दर्ज हो चुके हैं। उन्होंने पूनम यादव का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2018 में 35 विकेट चटकाए थे। इसके अलावा इस टूर्नामेंट में दीप्ति शर्मा ने भी कई शानदार परफॉर्मेंस किया और अब तक इस साल 30 विकेट ले चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *