INDW vs PAKW: टीम इंडिया से बदला लेने के लिए पाकिस्तान महिला टीम की खास तैयारी, पुरुषों के साथ खेले 5 मैच

INDW vs PAKW: टीम इंडिया से बदला लेने के लिए पाकिस्तान महिला टीम की खास तैयारी, पुरुषों के साथ खेले 5 मैच

Women’s Asia Cup 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सामना पाकिस्तान से अब तक 18 बार हो चुका है, जिसमें से 3 बार पड़ोसियों को जीत मिली है, तो 15 बार टीम इंडिया ने बाजी मारी है। दोनों टीमें आखिरी बार वूमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भिड़ी थीं, जहां भारतीय टीम ने एकतरफा मुकाबले में पाकिस्तान को शिकस्त दी थी। उससे पहले एशिया कप में भी भारतीय टीम ने ही बाजी मारी थी। अब दोनों टीमें एक बार फिर से एशिया कप में भिड़ने वाली हैं और दोनों की टक्कर 5 सितंबर को होगी। इस मैच में टीम इंडिया से बदला लेने के लिए पाकिस्तान की टीम ने खास तैयारी की है। उसने पुरुष टीम के साथ 5 टी20 मैच खेले हैं।

28 अगस्त से शुरू होगा एशिया कप

वूमेंस एशिया कप 2026 की शुरुआत दुबई में 28 अगस्त से होगी। जिसके लिए पाकिस्तान टीम बिल्कुल अलग तरीके से तैयारी कर रही है। टी20 फॉर्मेट में होने वाले इस टूर्नामेंट की बेहतर और मजबूत तैयारी के लिए पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने पुरुष टीम के साथ मैच खेले हैं। पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने लाहौर में एनसीए में प्री-टूर्नामेंट कैंप में अब्दुल कादिर क्रिकेट एकेडमी की पुरुष टीम के खिलाफ मैच खेले हैं।

मुकाबले पूरी तरह 20-ओवर फॉर्मेट के मुताबिक आयोजित किए गए थे। मुकाबलों के दौरान पाकिस्तान टीम को अपनी स्किल और प्रदर्शन के स्तर को ऊपर उठाने में मदद मिली। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने कहा, “पुरुष टीम के साथ हुए मुकाबलों ने एशिया कप के लिए हमारी तैयारी में मदद की। मुकाबलों के दौरान हम पर दबाव था। ये अनुभव हमें आगामी टूर्नामेंट की चुनौतियों का सामना करने में मददगार होगा। हम टूर्नामेंट के लिए अच्छी तरह तैयार हैं।”

सना ने कहा, “हमें यह समझने की जरूरत थी कि दबाव से किस तरह निपटा जाए। बड़े टूर्नामेंट में हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती दबाव वाली स्थिति से बेहतर तरीके से निपटने की होती है, जिसमें हम लगातार असफल रहे हैं। पुरुष टीम के खिलाफ हुए मैचों में हमारी मदद की और इसका परिणाम आपको हमारे आगामी मैचों में दिखेगा। हमने सीखा कि दबाव में घबराने के बजाय शांत रहना जरूरी है। हमने लड़कियों से कहा है कि वे मुश्किल समय में शांत रहें, अपनी मेहनत पर भरोसा रखें और योजनाओं को नियंत्रित करें।”

वर्ल्डकप में मिली थी शर्मनाक हार

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम का हाल में टी20 फॉर्मेट में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा है। टी20 विश्व कप 2026 में फातिमा सना की कप्तानी वाली ये टीम 5 मैचों में से सिर्फ एक मैच जीत सकी। पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और भारत के खिलाफ मैच गंवाए, जबकि एकमात्र जीत नीदरलैंड के खिलाफ मिली थी। टूर्नामेंट के दौरान खराब गेंदबाजी और बल्लेबाजी के अलावा टीम खराब फील्डिंग और निर्णयों के लिए भी आलोचना का शिकार हुई थी। पाकिस्तान टीम को एशिया कप के फाइनल में पहुंचे 10 साल हो चुके हैं। पिछली बार टीम सेमीफाइनल में श्रीलंका से हारकर बाहर हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *