Indore Simrol Minor Girls Case: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के सिमरोल में स्कूल जाने के लिए गांव के बाहर यात्री वाहन का इंतजार कर रही दो नाबालिग छात्राओं को लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बैठाकर जंगल में ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार ने जंगल में दोनों छात्राओं को धमकाया और बाद में उन्हें वहीं छोड़कर भाग निकला। छात्राओं के स्कूल नहीं पहुंचने पर चिंतित परिजनों ने तत्काल सिमरोल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तलाश शुरू की और दोनों छात्राओं को जंगल क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया।
लिफ्ट के बहाने जंगल में ले जाकर धमकाया
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव से दो नाबालिग छात्राएं रोजाना पढ़ाई के लिए सिमरोल आती हैं। घटना के दौरान दोनों गांव के बाहर यात्री वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार वहां पहुंचा और दोनों को सिमरोल तक छोड़ने की बात कहकर लिफ्ट देने का प्रस्ताव दिया। छात्राएं उसके साथ बाइक पर बैठ गईं। छात्राओं के अनुसार बाइक सवार उन्हें निर्धारित रास्ते से अलग जंगल की ओर ले गया। जंगल पहुंचने के बाद उसने दोनों को धमकाया। कुछ समय बाद वह दोनों छात्राओं को जंगल में ही छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने सुरक्षित ढूंढा
दोनों छात्राएं स्कूल नहीं पहुंचीं तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने तलाश की, लेकिन जानकारी नहीं मिलने पर सिमरोल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस ने छात्राओं की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की। इसी दौरान दोनों छात्राएं जंगल क्षेत्र से आती हुई मिलीं। उन्हें सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया। छात्राओं ने परिजनों को अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब नाबालिग बाइक सवार की पहचान सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

