Independence Day के मद्देनजर Jammu & Kashmir में High Alert, नियंत्रण रेखा से राजमार्गों तक सुरक्षा का कड़ा पहरा

Independence Day के मद्देनजर Jammu & Kashmir में High Alert, नियंत्रण रेखा से राजमार्गों तक सुरक्षा का कड़ा पहरा

 स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने वाहनों की जांच के लिए उन्हें रोकना शुरू किया और सीमावर्ती जिलों, प्रमुख राजमार्गों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ा दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी गतिविधियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। तिरंगा यात्राओं, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कई कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिल रही है।
कस्बों और गांवों में घरों तथा इमारतों के ऊपर तिरंगा लहराता हुआ नजर आ रहा है।

जम्मू में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह मौलाना आजाद स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी तिरंगा फहराएंगे और सलामी लेंगे।
श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला बख्शी स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। वहीं, इन समारोह स्थलों के आसपास के इलाकों में प्रवेश नियंत्रण, तलाशी और वाहनों की जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि समारोहों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में व्यापक निगरानी व्यवस्था की है। सुरक्षा बल समारोह स्थल तक पहुंचने वाले सभी रास्तों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।
शहर में रणनीतिक स्थानों पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) तैनात किए गए हैं। जम्मू-श्रीनगर और जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सेना, बीएसएफ और पुलिस बलों को शामिल करते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।
जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन तुती और उप महानिरीक्षकों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर पिछले एक सप्ताह में जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए कई बैठकें की हैं।
अधिकारियों को समारोह स्थलों के आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जहां तिरंगा फहराने के कार्यक्रम निर्धारित हैं, वहां पर्याप्त संख्या में बलों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *