IND vs WI: 57 गेंदों में 141 रन लुटाने वाले भारतीय स्पिनर्स पर होगी नजरें, इंदौर टी20 अक्षर-कुलदीप करेंगे पलटवार?

IND vs WI: 57 गेंदों में 141 रन लुटाने वाले भारतीय स्पिनर्स पर होगी नजरें, इंदौर टी20 अक्षर-कुलदीप करेंगे पलटवार?

Indore T20 IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें सीरीज में बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेंगी। 

India vs West Indies, Indore T20: रांची टी20 में अक्षर पटेल ने 21 गेंदों में 63 रन लुटाए थे। टीम इंडिया 250 रन के लक्ष्य को डिफेंड नहीं कर पाई थी। पावरप्ले में 3 विकेट चटकाने के बावजूद श्रेयस अय्यर एंड कंपनी ने 6 विकेट से मुकाबला गंवा दिया था। ऐसे में इंदौर के होल्कर स्टेडियम में उतरने से पहले टीम इंडिया अपने स्पिन डिपार्टमेंट को सबसे ज्यादा दुरुस्त करना चाहेगी। दूसरे मुकाबले में भारतीय स्पिनर्स ने 57 गेंदें (9.3 ओवर) डाली थीं और 141 रन खर्च कर डाले थे। इस दौरान 3 स्पिनर्स ने मिलकर सिर्फ 1 विकेट हासिल किया था।

होल्कर में टीम इंडिया का रिकॉर्ड

भारतीय टीम ने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में अभी तक कुल 4 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान टीम को तीन में जीत नसीब हुई है, जबकि सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है। यह हार भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ साल 2022 में मिली थी। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 227 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारत की पूरी टीम 178 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी।

टीम इंडिया ने इस मैदान पर अपना आखिरी मुकाबला साल 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था, जिसमें उसे जीत मिली थी। अफगानिस्तान को 172 रनों पर समेटने के बाद भारतीय टीम ने लक्ष्य को सिर्फ 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। टीम की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 34 गेंदों में 68 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि शिवम दुबे ने 32 गेंदों में नाबाद 63 रन बनाए थे।

पांच मैचों की टी20 सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है। सीरीज के पहले टी20 में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया था। हालांकि, दूसरे टी20 में कैरेबियाई टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 6 विकेट से शिकस्त दी थी। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 249 रन बनाए थे। मगर वेस्टइंडीज की टीम कप्तान शाई होप की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत 250 रनों के लक्ष्य को 18.3 ओवर में चेज करने में सफल रही थी।

पलटवार करने के लिए बेकरार

वेस्टइंडीज के इस रिकॉर्ड चेज में भारतीय स्पिनर्स की सबसे ज्यादा पिटाई हुई थी और होल्कर स्टेडियम की पिच के आंकड़े भी स्पिनर्स के पक्ष में नहीं हैं। हालांकि, अक्षर पटेल उन गेंदबाजों में से हैं, जिन्हें पलटवार करना आता है। ऐसे में देखना होगा कि तीसरे टी20 में टीम इंडिया का स्पिन डिपार्टमेंट कैसी गेंदबाजी करता है और क्या भारतीय गेंदबाज वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर लगाम लगाने में सफल हो पाते हैं।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *