IND vs WI: भारत को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वेस्टइंडीज के हाथों 6 विकेट से हार मिली। शाई होप ने 45 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड ने 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली। संजू सैमसन के 82 रन और मयंक यादव के 3 विकेट भी भारत को जीत नहीं दिला सके।
IND vs WI 2nd T20: टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। श्रेयस अय्यर एंड कंपनी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बनाए। 250 रन के लक्ष्य को कैरेबियाई टीम ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। लेकिन इस दौरान उन्होंने टीम इंडिया के 2 खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। हालांकि पिच को लेकर भी उन्होंने बड़ी बात कही।
हार में ओस की बताई अहम भूमिका
टीम इंडिया के कप्तान अय्यर ने कहा, “कितने रन का स्कोर सुरक्षित है, इसके लिए कोई निश्चित संख्या नहीं बताई जा सकती। ओस काफी अहम भूमिका निभाती है। आप कोई सटीक आंकड़ा नहीं दे सकते। इस पिच पर गलती की गुंजाइश बहुत कम थी। जरा सी भी गलती होने पर गेंद स्टैंड में जा रही थी। कुछ मौके हाथ से छूटे, लेकिन यह खेल का हिस्सा है। हालांकि, तारीफ तो बनती है। उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।”
अय्यर ने गेंदबाजी में 3 विकेट लेने वाले मयंक यादव और बल्ले से 82 रनों की दमदार पारी खेलने वाले संजू सैमसन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “दोनों का ही प्रदर्शन शानदार था। संजू और अभिषेक से हमें यही उम्मीद रहती है। उनका और मयंक का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। उन तीन अहम विकेटों ने आगे के लिए हमारी लय को स्थिर किया, लेकिन उसके बाद एक साझेदारी बनी और मैच का मोमेंटम उनकी तरफ चला गया।”
250 रन का लक्ष्य भी पड़ गया छोटा
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 249 रन बनाए। टीम की ओर से संजू सैमसन ने 82 रनों की दमदार पारी खेली। हालांकि, वेस्टइंडीज ने 250 रनों के लक्ष्य को 9 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
कैरेबियाई टीम की ओर से शाई होप ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 102 रनों की धमाकेदार पारी खेली और नाबाद रहे। वहीं, शेरफेन रदरफोर्ड ने 37 गेंदों में 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत वेस्टइंडीज ने मुकाबले में जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की टी20 सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है। इससे पहले खेले गए पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से शिकस्त दी थी। अब सीरीज के अगले मुकाबले में दोनों टीमों की नजर बढ़त हासिल करने पर होगी।
Sports – Patrika | CMS






