Lucknow T20I Story: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर ज्यादातर गेंदबाजों का बोलबाला देखने को मिला है। यहां अब तक खेले गए 6 में से 5 मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है, जबकि एक मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने जीत हासिल की थी।
100 रन चेज करने में छूट गए थे पसीने
साल 2023 में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था और 100 रन के लक्ष्य को हासिल करने में उसे 119 गेंदें खेलने पड़ी थीं। साल 2023 में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी, जहां सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 99 रन बनाए थे। टीम इंडिया के लिए अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 2 विकेट लिए थे। वहीं, कुलदीप यादव, दीपक हुड्डा, युजवेंद्र चहल, वाशिंगटन सुंदर और कप्तान हार्दिक पांड्या को एक-एक सफलता मिली थी।
100 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुभमन गिल सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन ने 19, राहुल त्रिपाठी ने 13 और वाशिंगटन सुंदर ने 10 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए । 15 ओवर तक भारत ने 70 रन बना लिए थे और उसके 4 बल्लेबाज आउट हो गए थे। मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका था। अगली 30 गेंदों में टीम इंडिया को 30 रन चाहिए थे।
बल्लेबाजो के लिए सबसे बड़ी चुनौती
लेकिन यहां से सूर्यकुमार यादव और कप्तान हार्दिक पंड्या ने टीम इंडिया को कोई और झटका नहीं लगने दिया। दोनों ने मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया और भारत ने एक गेंद पहले मुकाबला अपने नाम कर लिया। यानी 100 रन के लक्ष्य को हासिल करने में टीम इंडिया को 119 गेंदें खेलनी पड़ी थीं।
ऐसे में एक बार फिर भारत और वेस्टइंडीज के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। दोनों टीमों में आक्रामक बल्लेबाज मौजूद हैं, लेकिन इकाना की पिच पर गेंदबाजों का प्रदर्शन मुकाबले की दिशा तय कर सकता है। अब देखना होगा कि क्या भारत और वेस्टइंडीज के बल्लेबाज इस मैदान पर गेंदबाजों के चुनौती दे पाते हैं या नहीं।





