IND vs WI: अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के बाद मिडिल ऑर्डर ने किया निराश, फिर ऐसे स्कोर पहुंचा 200 के पार

IND vs WI: अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के बाद मिडिल ऑर्डर ने किया निराश, फिर ऐसे स्कोर पहुंचा 200 के पार

IND vs WI: इंदौर टी20 में टीम इंडिया 223 रन पर ऑलआउट हो गई। अभिषेक शर्मा के अर्धशतक के बाद टीम इंडिया के 4 बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक पहुंचे लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। 

IND vs WI 3rd T20 Update: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के सामने 224 रन का लक्ष्य रखा है। अभिषेक शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 2000 रन भी पूरे किए। हालांकि अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच पाया। ईशान किशन ने 37, तिलक वर्मा 28, नितीश रेड्डी 21 और अक्षर पटेल 20 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज की ओर से शमार जोसेफ, शमार स्प्रिंगर और रॉस्टन चेज ने 2-2 विकेट चटकाए। कीमो पॉल और गुडाकेश मोती को भी एक-एक सफलता मिली।

संजू सैमसन का फिर नहीं चला बल्ला

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 7 के स्कोर पर संजू सैमसन (3) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद अभिषेक शर्मा ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 40 गेंदों में 108 रन जोड़े। ईशान 18 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 37 रन बनाकर आउट हुए। यहां से भारतीय पारी लड़खड़ाने लगी। आलम ये रहा कि 135 के स्कोर तक 5 विकेट गिर गए। इस दौरान अभिषेक शर्मा ने रिकॉर्ड अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 18 गेंदों में यह कारनामा किया और वह 8वीं बार 20 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक जड़ने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए। इसके बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने नितीश रेड्डी के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन जुटाए। इसके बाद अक्षर पटेल के साथ 14 गेंदों में 25 रन जोड़े।

तिलक वर्मा रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 16 गेंदों में 4 चौकों के साथ 28 रन बनाए। इसके बाद अक्षर पटेल ने टीम को 200 के पार पहुंचाया। नितीश कुमार रेड्डी 21 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पटेल ने 20 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम करने के बाद भारत ने टी20 सीरीज का पहला मैच 8 विकेट से अपने नाम किया था, लेकिन वेस्टइंडीज ने रांची में खेले गए सीरीज के दूसरे मैच को 6 विकेट से अपने नाम करते हुए 5 मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। अब दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर बढ़त हासिल करना चाहेंगी।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *