IND vs SL: श्रीलंका ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए किया टीम का ऐलान, कुशल मेंडिस और पाथुम निसांका बाहर

IND vs SL: श्रीलंका ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए किया टीम का ऐलान, कुशल मेंडिस और पाथुम निसांका बाहर

Sri Lanka squad for First Test against India: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुक़ाबला 15 अगस्त से खेला जाएगा। गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाली इस मैच के लिए श्रीलंका ने 16 सदस्यों की टीम का ऐलान कर दिया है। धनंजय डी सिल्वा को टीम का कप्तान बनाया गया है। जबकि कामिंदु मेंडिस उनके डिप्टी होंगे।

कुशल मेंडिस और पाथुम निसांका नहीं खेलेंगे

चोट के चलते कुशल मेंडिस और पाथुम निसांका सीरीज के पहले टेस्ट में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। मेंडिस को 19 जुलाई को कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर लंका प्रीमियर लीग (LPL) मैच के दौरान कैंडी रॉयल्स के खिलाफ कोलंबो कैप्स के लिए रन लेते समय दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी और वह नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं।

निरोशन डिकवेला को मौका मिला

वहीं, निसांका पिछले महीने लंदन में हुई कलाई की सर्जरी से उबर रहे हैं। इन दोनों के उपलब्ध न होने पर, चयनकर्ताओं ने अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को वापस बुलाया है, जिन्होंने आखिरी बार 2023 में टेस्ट मैच खेला था। बाएं हाथ के बल्लेबाज डिकवेला के पास 54 टेस्ट खेलने का अनुभव है, जिसके कारण उन्हें अंजला बंदारा पर प्राथमिकता दी गई है। बंदारा ने कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर भारत के खिलाफ वार्मअप मैच में हिस्सा लिया था।

केशरा नुवान्था को भी चुना गया

भारत के खिलाफ वॉर्मअप मैच में 3 विकेट लेने वाले ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर केशरा नुवान्था को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है जबकि कासुन रजिता और इसिथा विजेसुंदरा को टीम से बाहर कर दिया गया है। टॉप ऑर्डर बल्लेबाज निशान मदुष्का ने भारत के खिलाफ तीन दिवसीय वार्मअप मैच में 66 और नाबाद 63 रन बनाकर अपनी जगह बनाए रखी है।

मुख्य बल्लेबाजी यूनिट में डी सिल्वा, उप-कप्तान कामिंदु मेंडिस, दिनेश चांदीमल, लाहिरू उदारा, पासिंदु सूरियाबंदारा और सोनल दिनुशा शामिल हैं। स्पिन विभाग की कमान प्रभात जयसूर्या संभालेंगे। इसके साथ ही रमेश मेंडिस और नुवान्था उनका साथ निभाते हुए नजर आएंगे। डी सिल्वा और मेंडिस पार्ट-टाइम विकल्प के तौर पर मौजूद रहेंगे। तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई असिथा फर्नांडो करेंगे। असिथा का साथ लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो, मिलन रत्नायके और दिलशान मदुशंका देंगे। भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट 23-27 अगस्त तक कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर खेला जाएगा।

भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए श्रीलंका टीम

धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), कामिंदु मेंडिस (उपकप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चंडीमल, पसिंदु सोरियाबंदरा, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशरा नुवांथा, मिलन रथनायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *