Yashasvi Jaiswal Test Record: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट में यशस्वी जायसवाल रन आउट होकर जल्दी पवेलियन लौट गए। वह सिर्फ 32 रन बना सके और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट होकर पवेलियन लौटे। हालांकि, जायसवाल ने इस मैदान पर कदम रखते ही अनोखा रिकॉर्ड बना लिया। वह भारत के ऐसे तीसरे बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने शुरुआती 30 टेस्ट मैच अलग-अलग मैदान पर खेले हैं।
संजय मांजरेकर सबसे आगे
यह रिकॉर्ड टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी संजय मांजरेकर के नाम है, जिन्होंने शुरुआती 33 टेस्ट अलग-अलग मैदान पर खेले थे। सचिन तेंदुलकर ने 32 मैचों में शुरुआती 32 मैच अलग-अलग मैदान पर खेले। अब इस लिस्ट में यशस्वी जायसवाल की भी एंट्री हो गई है, जिन्होंने गॉल टेस्ट में अपना 30वां मुकाबला खेला और यह उनका 30वां मैदान भी था।
जायसवाल के 30 टेस्ट वेन्यू
वेस्टइंडीज के डोमिनिका से अपने टेस्ट डेब्यू करने वाले जायसवाल ने पोर्ट ऑफ स्पेन, सेंचुरियन, केपटाउन और भारत के हैदराबाद, विशाखापट्टनम, राजकोट, रांची, धर्मशाला, चेन्नई, कानपुर, बेंगलुरु, पुणे, मुंबई, अहमदाबाद, दिल्ली, कोलकाता, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़ में मुकाबले खेले हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के लंदन के दोनों वेन्यू, मैनचेस्टर, बर्मिंघम और लीड्स के अलावा ऑस्ट्रेलिया के सिडनी, मेलबर्न, ब्रिसबेन, एडिलेड और पर्थ में मैचेस खेल चुके हैं।
जायसवाल ने अब तक 30 मैचों की 54 पारियों में 2567 रन बनाए हैं। उनका औसत लगभग 50 के आसपास का रहा है। जायसवाल के नाम 13 अर्धशतक और 7 शतक दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने दो दोहरे शतक की पारी भी खेली है। जायसवाल के नाम 214 रन का हाई स्कोर दर्ज है, जो उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर 2024 में राजकोट में खेले गए तीसरे टेस्ट में बनाया था।
आपको बता दें कि गॉल में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन यशस्वी जायसवाल सस्ते में दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 37 गेंद में 32 रन की पारी खेली, जिसमें पांच चौके शामिल थे।
उनके आउट होने के बाद केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी की और अपने-अपने अर्धशतक तक भारतीय टीम को दूसरा कोई और झटका नहीं लगने दिया। चाय के ब्रेक तक भारतीय टीम ने 53 ओवर में 197 रन बना लिए थे और उसका सिर्फ एक ही बल्लेबाज आउट हुआ था। देवदत्त पडिक्कल 84 और केएल राहुल 77 रन बनाकर क्रीज पर थे।




