India vs Sri Lanka Galle Test: गॉल टेस्ट के तीन दिन बाद भारत के पास 178 रन की बढ़त है। बारिश की संभावना के बीच पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने टीम इंडिया को तेजी से बल्लेबाजी कर 350 के आसपास पहुंचकर पारी घोषित करने की सलाह दी है।
IND vs SL Galle Test Day 4 Update: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट के तीन दिन का खेल खत्म हो चुका है, जहां दोनों टीमें एक-एक बार बल्लेबाजी कर चुकी हैं। भारतीय टीम ने जहां पहली पारी में 462 रन बनाए थे, तो वहीं श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर खत्म हो गई। इस तरह भारतीय टीम के पास 178 रन की बढ़त है। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने अब बताया है कि इस बढ़त के साथ टीम इंडिया कैसे जीत सकती है। इसके अलावा उन्होंने केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल को भी नसीहत दी है।
दोनों दिन बारिश की संभावना
गॉल में अगले दोनों दिन बारिश की संभावना है। ऐसे में आकाश चोपड़ा ने अपने एक वीडियो में कहा है कि 178 रन हमारे पास पहले से हैं और एक खाता 178 और जोड़कर टीम इंडिया 350 रन के आसपास पहुंचकर पारी घोषित कर दे। साथ ही आकाश चोपड़ा ने बल्लेबाजों को नसीहत भी दी है कि वे थोड़ी तेजी से बल्लेबाजी करें। अगर चौथे दिन आपको 40 ओवर मिलते हैं, तो आपको कम से कम 200 रन बनाना होगा। बारिश की संभावनाओं की वजह से तेजी से बल्लेबाजी करनी होगी।
यशस्वी जायसवाल को उन्होंने नाम लेकर बोला कि यशस्वी, यशस्वी की तरह खेलो। साथ में उन्होंने यह भी बोला कि केएल राहुल के पास कई गियर हैं, उन्हें अब वनडे और टी20 गियर एक्टिवेट करना होगा। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम की बैटिंग में बहुत गहराई है, बस तेजी से आगे बढ़ते रहने की जरूरत है।
मुश्किल है श्रीलंका का जीतना
आकाश चोपड़ा ने कहा कि अगर खेल के चौथे दिन 50 ओवर होते हैं और आखिरी दिन 40 ओवर होते हैं, तो 140 ओवर में हम उन्हें हरा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय टीम इस मुकाबले में कैसे हार सकती है। अगर पूरा मैच होता है और हम उन्हें आउट नहीं कर पाते हैं, तो उनके पास 350 रन बनाने का समय होगा। हालांकि, सच ये भी है कि गॉल की पिच पर चौथी पारी में पांचवें दिन बल्लेबाजी करना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर टीम इंडिया 250 रन के आसपास का लक्ष्य दे देती है तो श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
Sports – Patrika | CMS


