IND vs SL: गॉल टेस्ट के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा, लेकिन श्रीलंका के डेब्यूटेंट की हुई खूब चर्चा

IND vs SL: गॉल टेस्ट के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा, लेकिन श्रीलंका के डेब्यूटेंट की हुई खूब चर्चा

IND vs SL 1st Test Day 1 Update: गॉल टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 2 विकेट गंवाकर 288 रन बना लिए थे। बारिश की वजह से पहले दिन 17 ओवर कम का खेल हुआ। 

India vs Sri Lanka Test 2026: गॉल में खेले जा रहे भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। टीम इंडिया ने 73 ओवर की बल्लेबाजी में दो विकेट गंवाकर 288 रन बना लिए हैं। देवदत्त पडिक्कल 131 रन बनाकर नाबाद हैं, तो ऋषभ पंत 27 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दी, लेकिन जायसवाल 32 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए।

राहुल हुए रिटायर्ड हर्ट

इसके बाद से केएल राहुल और पडिक्कल ने मोर्चा संभाला और टीम को चाय के समय तक कोई भी झटका नहीं लगने दिया। हालांकि, चाय खत्म होने के तुरंत बाद जब खेल शुरू होने वाला था, तब केएल राहुल के दाएं हाथ में अचानक दर्द उठा, जिसकी वजह से उन्हें बिना कोई गेंद खेले ड्रेसिंग रूम लौटना पड़ा। इसके बाद शुभमन गिल बल्लेबाजी करने के लिए आए और सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए। गिल के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया का कोई और विकेट नहीं गिरने दिया।

श्रीलंका की ओर से सिर्फ एक ही गेंदबाज विकेट लेने में सफल रहा। प्रभात जयसूर्या ने शुभमन गिल को लाहिरू उदारा के हाथों कैच कराया। इसके अलावा असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, केशरा नुवंथा और कप्तान धनंजय डिसिल्वा के साथ सोनल दिनूषा ने भी गेंदबाजी की, लेकिन सफलता से दूर रहे। खेल के पूरे दिन भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला, जहां पडिक्कल ने शानदार शतकीय पारी खेली लेकि सबसे ज्यादा चर्चा जायसवाल के रनआउट की हुई।

इस बात की हुई सबसे ज्यादा चर्चा

केएल राहुल ने केशरा नुवंथा की गेंद को मिड-ऑन की ओर ड्राइव किया और सिंगल के लिए दौड़े। नॉन-स्ट्राइकर एंड पर जायसवाल रन लेने के लिए आगे बढ़े, तभी गेंदबाज नुवंथा गेंद रोकने के लिए डाइव लगाते हुए जायसवाल से टकरा गए। जायसवाल गिर गए और संतुलन खो बैठे। इसके बाद दोनों बल्लेबाजों के बीच तालमेल बिगड़ गया। जायसवाल उठकर कुछ कदम आगे बढ़े, फिर वापस मुड़े, जबकि राहुल दौड़ते रहे। नतीजा दोनों एक ही छोर पर पहुंच गए। प्रभात जयसूर्या ने गेंद उठाकर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को थ्रो किया, जिन्होंने बेल उखाड़ दी। राहुल ने पहले बैट ग्राउंड किया, इसलिए जायसवाल आउट घोषित हुए।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *