IND vs SL 1st Test Day 3 Update: गॉल टेस्ट के तीसरे दिन शुभमन गिल और गौतम गंभीर ने हैरान करने वाला फैसला लिया, जो क्रिकेट फैंस के भी समझ से परे थे। टीम इंडिया तीसरे दिन अपने स्कोर में सिर्फ 2 रन जोड़ पाई और 462 रन पर ऑलआउट हो गई।
India Tour of Sri Lanka 2026: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम पहली पारी में 462 रन पर ऑल आउट हो गई। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 9 विकेट गंवाकर 460 रन बना लिए थे। प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव नाबाद थे और उम्मीद थी कि तीसरे दिन श्रीलंकाई टीम बल्लेबाजी करने उतरेगी। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और तीसरे दिन प्रसिद्ध कृष्णा के साथ कुलदीप यादव बल्लेबाजी के लिए उतर गए। इसी फैसले पर पूर्व क्रिकेटर डोडा गणेश ने सवाल उठा दिया।
टेल एंडर्स से बैटिंग क्यों?
डोडा गणेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आप तीसरे दिन सुबह दो टेल-एंडर्स के साथ बल्लेबाजी क्यों करना चाहोगे? तीसरे दिन के खेल में टीम इंडिया अपने स्कोर में सिर्फ दो रन ही जोड़ पाई और 462 रन पर ढेर हो गई। कुलदीप यादव एक गेंद खेलकर एक रन जोड़ पाए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 गेंदों का सामना किया, एक रन बनाया और आउट हो गए। उनके आउट होते ही भारत की पहली पारी भी समाप्त हो गई। चार गेंद खेलने की वजह से कम से कम 15 मिनट खराब हुए और इस दौरान भारतीय गेंदबाजों को 3-4 ओवर गेंदबाजी करने का मौका मिल सकता था, जिसका फायदा तेज गेंदबाज उठा सकते थे।
4 गेंद के लिए 15 मिनट खराब
इस पिच पर 460 रन का स्कोर काफी बड़ा था। ऐसे में टीम इंडिया को तीसरे दिन टेल-एंडर्स के साथ बल्लेबाजी करने की जरूरत नहीं थी, लेकिन फिर भी गौतम गंभीर और शुभमन गिल ने दोनों पुछल्ले बल्लेबाजों को क्रीज पर भेजा, जो टीम इंडिया की डिफेंसिव सोच को दर्शाता है। यही वजह है कि पूर्व क्रिकेटर ने इस फैसले पर सवाल उठाया है।
भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। पडिक्कल ने 230 गेंदों का सामना करते हुए 167 रनों की लाजवाब पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया। पडिक्कल ने केएल राहुल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 162 रन जोड़े, जबकि पंत के साथ मिलकर उन्होंने 71 रन जोड़े। केएल राहुल ने 175 गेंदों में 82 रन बनाए। राहुल ने अपनी इस पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया। ध्रुव जुरेल ने भी बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली और उन्होंने 68 गेंदों में 51 रन बनाए।
Sports – Patrika | CMS



