IND vs PAK Asian Games 2026 गोल्ड मेडल मैच में भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत 3 अक्टूबर को होगी। जानें हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच-वेदर रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग-11।
India vs Pakistan Gold Medal Match: एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) के मेंस क्रिकेट का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में आमने-सामने होंगी। फाइनल मैच स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि भारतीय दर्शक इसे सुबह 10 बजे से देख सकेंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह है। दोनों टीमों की नजरें गोल्ड मेडल पर होंगी। ऐसे में मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है। मैच से पहले आइए जानते हैं दोनों टीमों के बीच अब तक का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, मैदान की पिच का मिजाज और मौसम का हाल। इसके साथ ही नजर डालते हैं भारत और पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग-11 पर।
IND vs PAK: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
एशियन गेम्स 2026 के गोल्ड मेडल मैच से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच कुल 17 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में भारतीय मेंस क्रिकेट टीम का पलड़ा भारी रहा है। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 14 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबलों में मात दी है। वहीं, पाकिस्तान ने भारत को सिर्फ तीन मैचों में शिकस्त दी है। दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला टाई रहा था, जिसे भारत ने बॉल आउट जीता था।
कैसी रहेगी कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की पिच?
भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो और पिच की चर्चा न हो, ये कैसे हो सकता है। क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें पिच को लेकर भी रहती हैं। वैसे तो कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की पिच आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है, लेकिन नई गेंद से शुरुआती 4-5 ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी स्विंग और मूवमेंट मिल सकती है। इस पिच पर जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ता है, गेंद टर्न होने लगती है। बल्लेबाजों के लिए ग्रिप और उछाल के चलते रन बनाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में मिडिल ओवरों में स्पिन की भूमिका अहम हो जाती है। यह औसत स्कोर आमतौर पर 110 से 135 रन के बीच रहता है।
निशिन में 3 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?
एशियन गेम्स 2026 के गोल्ड मेडल मैच में भारत-पाकिस्तान भिड़ंत से पहले सभी की नजरें स्थानीय स्तर पर मौसम के मिजाज पर टिकी होंगी। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में 3 अक्टूबर 2026 को मौसम मुख्य रूप से साफ और धूप वाला रहने का अनुमान है। इस दिन यहां भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच खेला जाना है, ऐसे में प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर यह है कि मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है।
भारत-पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग-11
भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह।
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान (कप्तान), सईम अयूब, उस्मान खान (विकेटकीपर), माज़ सदाकत, हसन नवाज़, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, मोहम्मद वसीम जूनियर, अबरार अहमद।
Sports – Patrika | CMS


𝐈𝐓 𝐃𝐎𝐄𝐒𝐍’𝐓 𝐆𝐄𝐓 𝐁𝐈𝐆𝐆𝐄𝐑 𝐓𝐇𝐀𝐍 𝐓𝐇𝐈𝐒 
Pakistan