Ind vs Aus Champions: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ युवराज सिंह के शानदार अर्धशतक के दम पर 46 रन से शानदार जीत दर्ज की है।
Ind Champions vs Aus Champions: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 का आगाज आज शनिवार 3 सितंबर से हुआ है। इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला इंडिया चैंपियंस और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के बीच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान उस्मान ख्वाजा ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया की टीम ने कप्तान युवराज सिंह के अर्धशतक के दम पर निर्धारित 20 ओवर सात विकेट के नुकसान पर 196 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 16.2 ओवर में महज 150 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई और भारत ने ये मुकाबला 46 रनों से जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जहां डी आर्सी शॉर्ट ने अर्धशतकीय पारी खेली, तो वहीं भारत की ओर से धवल कुलकर्णी ने चार और मोहित शर्मा ने तीन विकेट लिए।
युवराज ने 71 तो यूसुफ पठान ने खेली 37 रन की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया चैंपियंस की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। उसने पहले ही ओवर 5 रन के स्कोर पर अंबाती रायडू के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद दूसरा झटका 33 के स्कोर पर लगा। जब स्टूअर्ट बिन्नी महज 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान युवराज सिंह क्रीज पर उतरे और नमन ओझा के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। ओझा 26 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुए।
फिर यूसुफ पठान और युवराज सिंह के बीच चौथे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी हुई। यूसुफ 20 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद इरफान पठान महज 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 160 के स्कोर पर भारत को छठा बड़ा झटका कप्तान युवराज सिंह के रूप में लगा। वह सिर्फ 44 गेंदों पर पांच चौके और छह छक्कों की मदद से 71 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ऋषि धवन ने 12 गेंदों पर नाबाद 35 रन की पारी खेलते हुए भारत के स्कोर को 196 पर पहुंचाया।
धवल कुलकर्णी ने चटकाए चार विकेट
भारत के 197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी खराब रही उसने महज 11 के स्कोर पर अपना पहला विकेट कप्तान उस्मान ख्वाजा के रूप में गंवाया। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से डी आर्सी शॉर्ट ने सिर्फ 28 गेंदों पर चार चौके और सात छक्कों की मदद से 65 रन बनाए। वहीं, जो बर्न्स ने 45 तो जोनाथन वेल्स ने 11 रन की पारी खेली। इनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज सिंगल डिजिट से आगे नहीं बढ़ सका। भारत की ओर से धवल कुलकर्णी ने चार विकेट, मोहित शर्मा ने तीन विकेट और पियूष चावला ने दो विकेट लिए।
Sports – Patrika | CMS





