Manav Suthar Warwickshire: भारतीय क्रिकेट में इस समय एक नाम बहुत चर्चा में है, मानव सुथार। अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में खत्म हुए वन-ऑफ टेस्ट मैच (IND vs AFG) में अपनी फिरकी का जादू बिखेरने वाले इस 23 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर की किस्मत रातों-रात चमक गई है। भारत के लिए धमाकेदार डेब्यू करने के ठीक एक हफ्ते बाद, अब इंग्लैंड के मशहूर क्रिकेट क्लब वार्विकशायर (Warwickshire) ने उन्हें काउंटी चैंपियनशिप के अगले दो राउंड के लिए साइन कर लिया है।
डेब्यू मैच में ही रच दिया इतिहास
मानव सुथार ने कुछ ही दिन पहले मुल्लांपुर (Mullanpur) स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में विकेट चटकाकर सनसनी मचा दी थी। पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी पारी में 1 विकेट लेकर उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट झटके। राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट में 29 फर्स्ट-क्लास मैचों में 129 विकेट लेने वाले मानव का यह सफर अब सात समंदर पार पहुंच चुका है।
इंग्लैंड के इन दो मैदानों पर दिखेगा जलवा
वार्विकशायर क्लब ने बुधवार को इस शॉर्ट-टर्म डील की घोषणा की। मानव सुथार 12 जून से स्कारबोरो (Scarborough) में यॉर्कशायर के खिलाफ होने वाले मैच में चयन के लिए मौजूद रहेंगे। इसके ठीक अगले हफ्ते, वह टॉन्टन (Taunton) के मैदान पर समरसेट के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलेंगे। वार्विकशायर इस समय डिविजन वन की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है और खिताब की दौड़ में मजबूत स्थिति में है।
क्लब ने जताई खुशी
वार्विकशायर के परफॉर्मेंस डायरेक्टर जेम्स थॉमस ने मानव का स्वागत करते हुए कहा कि मानव के आने से टीम के बॉलिंग अटैक को एक नया आयाम मिलेगा। वहीं, इस बड़े मौके पर मानव सुथार ने खुशी जताते हुए कहा, ‘मैं वार्विकशायर से जुड़ने के लिए बेहद उत्साहित हूं। टीम ने सीजन की शुरुआत शानदार की है, और मैं उम्मीद करता हूं कि खिताबी जीत की इस कोशिश में अपना पूरा योगदान दे सकूं।’





