IND vs AFG T20: टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, हर्षित राणा हुए टी20 सीरीज से बाहर, अब बुमराह-सुंदर पर अटकी नजरें

IND vs AFG T20: टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, हर्षित राणा हुए टी20 सीरीज से बाहर, अब बुमराह-सुंदर पर अटकी नजरें

India vs Afghanistan T20 Series 2026: भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली तीन मैचों की T20 सीरीज से हर्षित राणा बाहर हो गए हैं। वहीं नीतीश कुमार रेड्डी पूरी तरह फिट होकर टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं। 

India vs Afghanistan T20 Series 2026: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की T20 सीरीज से हर्षित राणा बाहर हो गए हैं। टीम के ऐलान के समय ही भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं ने उनके खेलने पर सस्पेंस बरकरार रखा था। इसके अलावा इस लिस्ट में वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी और जसप्रीत बुमराह शामिल थे। जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर के खेलने पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है, जबकि दो खिलाड़ियों पर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की रिपोर्ट आ गई है। हर्षित राणा इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे और नीतीश कुमार रेड्डी फिट हो गए हैं, खेलने के लिए तैयार हैं।

19 महीने से बाहर थे नितीश रेड्डी

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तरफ से कहा गया है कि नीतीश कुमार रेड्डी पूरी तरह फिट हैं और गुरुवार को उन्हें क्लीयरेंस मिल जाएगा। 10 सितंबर को ही नीतीश कुमार रेड्डी टीम के साथ जुड़ जाएंगे। आपको बता दें कि नीतीश कुमार रेड्डी ने आखिरी मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ ही खेला था, लेकिन वह वनडे सीरीज थी और उसमें वह चोटिल हो गए थे। इसके बाद से लगभग 19 महीने तक वह T20 से दूर रहे। दूसरी ओर, हर्षित राणा अभी रिहैब से गुजर रहे हैं, जिन्हें इंग्लैंड दौरे पर तीसरे T20 मुकाबले के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव हुआ था।

हालांकि, जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर को लेकर अब तक कोई भी साफ निर्देश नहीं मिले हैं। दोनों का गुरुवार को फिटनेस टेस्ट होगा और अगर दोनों फिट होते हैं, तो दोनों खिलाड़ियों को अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज खेलने के लिए क्लीयरेंस मिल जाएगा।

13 सितंबर को पहला मुकाबला

आपको बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को होगा। उसके बाद दूसरा मैच 15 को और आखिरी मुकाबला 17 सितंबर को होगा। ये तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।

भारतीय टीम के खिलाफ अफगानिस्तान की टीम आज तक किसी भी फॉर्मेट में कोई मुकाबला नहीं जीत पाई है। हालांकि कई मुकाबलों में मामला करीब तक पहुंचा है लेकिन टीम को पहली जीत का इंतजार आज भी है। भारतीय टीम की फॉर्म को देखते हुए इस बार अफगानिस्तान इतिहास बदलना चाहेगी।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *