मन्दसौर जिले के निपानिया मेघराज गांव में जमीन से जुड़े पुराने विवाद ने शुक्रवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। गांव से बाइक पर सवार होकर खेत पर स्थित मकान की ओर जा रहे दो युवकों को आधा दर्जन लोगों ने रास्ते में रोक लिया और लाठी-धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति को भी हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में कुल तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक के सिर में 8 टांके लगे हैं। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाइक से खेत जा रहे थे, गांव के पास रोका रास्ता जानकारी के अनुसार आदित्य ठाकुर (18 वर्ष) और उनके जीजा संजय ठाकुर (28 वर्ष) शुक्रवार रात बाइक से निपानिया मेघराज गांव से अपने खेत पर स्थित मकान की ओर जा रहे थे। गांव के नजदीक ही कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। बताया जा रहा है कि सोनू, सुगन सिंह, आराम सिंह, हुकम सिंह, भेरू सिंह और राहुल सिंह नामक व्यक्तियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमला अचानक हुआ, जिससे दोनों संभल भी नहीं पाए। बीच-बचाव करने पहुंचे महेंद्र सिंह भी घायल घटना के दौरान महेंद्र सिंह सोलंकी मौके पर पहुंचे और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की। लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। महेंद्र सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और उन्हें 8 टांके लगाने पड़े। आदित्य ठाकुर के सिर और पैर में चोटें आई हैं, जबकि संजय ठाकुर के सिर, कमर और पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। तीनों घायलों का इलाज कराया गया है। जमीन का पुराना विवाद बना वजह प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना की वजह जमीन से जुड़ा पुराना विवाद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपी पक्ष एक ही समाज से जुड़े हुए हैं। लंबे समय से चल रहे विवाद ने शुक्रवार रात अचानक हिंसक रूप ले लिया। पीड़ितों ने की सख्त कार्रवाई की मांग घायल आदित्य ठाकुर ने बताया कि वे अपने जीजा के साथ खेत पर जा रहे थे, तभी रास्ता रोककर मारपीट की गई और धारदार हथियार से हमला किया गया। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संजय ठाकुर ने कहा कि वे गांव से अपने साले के साथ खेत पर स्थित घर की ओर जा रहे थे। अचानक चार-पांच लोग आए और उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि वे गांव के जवाई हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। महेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि वे झगड़ा होते देख बीच-बचाव करने पहुंचे थे, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि आरोपियों के पास लाठी और आगे धारदार हथियार लगा हुआ था, जिससे गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस कर रही मामले की जांच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर घायलों के बयान ले लिए हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।व


