करनाल में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म:गर्भवती होने पर आरोपी फरार,रोका करवाकर भरोसा दिलाया, फिर बनाए संबंध,अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी

करनाल में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म:गर्भवती होने पर आरोपी फरार,रोका करवाकर भरोसा दिलाया, फिर बनाए संबंध,अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी

करनाल के घरौंडा थाना क्षेत्र में एक प्रवासी युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती करने और बाद में दहेज की मांग करते हुए सोना-चांदी के गहने व नकदी हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी ने कथित तौर पर युवती को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच दिल्ली भेज दी है। सितंबर 2025 में हुई थी मुलाकात, धीरे-धीरे बढ़ी नजदीकियां
पीड़िता मूल रूप से छत्तीसगढ़ के एक गांव की रहने वाली है और मौजूदा समय में करनाल रह रही है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात सितंबर 2025 में दिल्ली में जयप्रकाश उर्फ संदीप से हुई थी। उस समय आरोपी घरौंडा में काम करता था। मुलाकात के बाद आरोपी ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का वादा किया। इसके बाद कई बार मिलने के दौरान उसने भरोसा दिलाया कि वह उससे विवाह करेगा। होटल में बुलाकर शादी की कसम दिलाई, बनाए संबंध
शिकायत के अनुसार, सितंबर 2025 में आरोपी ने उसे समयपुर बादली स्थित एक होटल में बुलाया। वहां शादी की कसम दिलाकर मानसिक दबाव बनाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि यह सब शादी का झांसा देकर किया गया। 26 जनवरी को परिवार के साथ रोका, रिश्ते को दिया भरोसा
पीड़िता के अनुसार, बीती 26 जनवरी को जयप्रकाश ने अपने परिवार के लोगों को बुलाकर छतरपुर, दिल्ली में रोका रस्म कार्यक्रम करवाया। इस दौरान आरोपी का मौसा बंटी, सत्तु मामा, सत्यप्रकाश मामा, बहन गुड़िया और जीजा सुभाष भी मौजूद रहे। रोका होने के बाद आरोपी ने पीड़िता का भरोसा और मजबूत किया। 12 फरवरी को फिर बुलाया घरौंडा, कोर्ट मैरिज का दिया भरोसा
पीड़िता ने बताया कि बीती 12 फरवरी को आरोपी ने उसे घरौंडा बुलाया और कहा कि वह कोर्ट मैरिज करेगा। उसने कहा कि रोका हो चुका है, इसलिए अब दोनों को एक-दूसरे पर पूरा भरोसा रखना चाहिए। इसी बहाने उसने दोबारा शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर बदला व्यवहार, धमकियां दीं
पीड़िता के अनुसार, आरोपी के साथ संबंधों के कारण वह चार माह की गर्भवती हो गई। जब उसने इस बारे में बात की और शिकायत की बात कही तो आरोपी ने उसे अश्लील वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी। इससे वह डर गई और मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। मोबाइल, जेवर और नकदी लेकर फरार
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर उसका मोबाइल फोन, सोने-चांदी के गहने और नकदी अपने कब्जे में ले ली और फरार हो गया। पीड़िता का कहना है कि मोबाइल में दोनों के बीच की बातचीत और रोका समारोह की तस्वीरें थीं, जिन्हें आरोपी ने हटा दिया। परिवार और दोस्तों पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में आरोपी का परिवार और उसके दोस्त भी शामिल हैं। उसने बताया कि रोका कार्यक्रम के दौरान मौजूद उसकी मां मीना, बहन गुड़िया, जीजा सुभाष, दोस्त विनोद और विनेश इस साजिश का हिस्सा थे। उन्होंने भी उसे धमकाया और दबाव बनाया। जान से मारने की धमकी, गर्भवती होने के कारण परेशान
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी की बहन गुड़िया और जीजा सुभाष ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने बताया कि वह चार माह की गर्भवती है और ज्यादा भागदौड़ करने की स्थिति में नहीं है, जिससे उसे और अधिक परेशानी हो रही है। मेडिकल रिपोर्ट से गर्भवती होने की पुष्टि
पीड़िता ने पुलिस को बेस डायग्नोस्टिक सेंटर और सिटी अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट भी सौंपी है। इन रिपोर्टों के आधार पर उसके गर्भवती होने की पुष्टि की जा सकती है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया है। पहले भी दी थी शिकायत, कार्रवाई नहीं हुई
पीड़िता ने बताया कि उसने पहले भी घरौंडा थाने में शिकायत दी थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने दोबारा शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई। थाना घरौंडा के एसएचओ दीपक कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर घरौंडा थाना में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। मामला दिल्ली के समयपुर बादली थाना क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण आगे की जांच के लिए केस वहां भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *