गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित तुरुकडीहा गांव में सो एक पिता ने अपनी ही तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। मृतकों में 12 वर्षीय पल्लवी कुमारी और 7 वर्षीय जुड़वा बहनें रिद्धि कुमारी व सिद्धि कुमारी शामिल हैं। बताया जाता है कि आरोपी नंदू यादव ने अचानक बेटियों पर हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक वारदात के बाद गांव में मातम का माहौल है। हर कोई इस अमानवीय कृत्य से आक्रोशित है। घटना के बाद की तस्वीरें देखें… गांव में घूमकर खुद दी वारदात की जानकारी ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी का इरादा अपनी पत्नी और बेटे को भी निशाना बनाने का था, लेकिन दोनों समय रहते वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद आरोपी का व्यवहार और भी चौंकाने वाला था। बताया जाता है कि वह गांव में घूम-घूमकर जोर-जोर से चिल्ला रहा था कि उसने अपने तीन बच्चों की हत्या कर दी है। उसकी इस हरकत से ग्रामीण स्तब्ध रह गए और कुछ ही देर में पूरे गांव में घटना की खबर आग की तरह फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आरोपी को दबोचा सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नंदू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि पिता द्वारा तीनों बेटियों की हत्या की पुष्टि हो चुकी है। इस जघन्य अपराध के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस घटना के बाद मृत बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंच गई है।


