मझोला पुलिस की मौजूदगी में अवैध खनन:मुरादाबाद में बजरंग दल नेता करा रहा अवैध खनन;डंपरों से कुचलकर 15 दिन में 12 मौतें

मझोला पुलिस की मौजूदगी में अवैध खनन:मुरादाबाद में बजरंग दल नेता करा रहा अवैध खनन;डंपरों से कुचलकर 15 दिन में 12 मौतें

मुरादाबाद में पिछले 15 दिन में अवैध खनन कर भागते डंपरों की चपेट में आने से 12 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। ठाकुरद्वारा, कुंदरकी और मेनौठेर में अलग-अलग तारीखों में बेहताशा सड़क पर दौड़ते इन डंपरों ने ऑटो,ट्रैक्टर ट्राली और बाइक सवारों को कुचलकर मार डाला। मौत भी ऐसी कि, लाशें दूर तक बिखरी मिलीं। लेकिन बावजूद इसके इन डंपरों पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है। SSP सतपाल अंतिल की सख्ती के बावजूद कुछ थाना प्रभारियों की शह पर ये डंपर अभी भी सड़कों पर मौत के ये ‘यमदूत’ बनकर दौड़ रहे हैं।
मुरादाबाद में मझोला थाना क्षेत्र में सोनकपुर बाईपास पर बीते 2 दिनों से यही हाल है। बजरंग दल के एक नेता के 15 से अधिक डंपर यहां दिनढले से सड़क पर दौड़ना शुरू हो जाते हैं। मझोला पुलिस के अलावा ये डंपर हर किसी को नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात ये है कि मझोला पुलिस की मौजूदगी और जानकारी में ये पूरा खेल चल रहा है और पुलिस की ओर से अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सोनकपुर बाईपास पर पुलिस चौकी शाहपुर तिगरी क्षेत्र में चैतिया फार्म हाउस के पास 2 खेतों का पटान पिछले दो दिन से शुरू हुआ है। लंबे समय से यहां खेतीबाड़ी होती चली आ रही थी। लेकिन अब दो दिन से इसे पाटने के लिए 15-20 डंपर कतार से काम कर रहे हैं। लगातार बालू ढोकर इसे पाटने का काम किया जा रहा है। गुरुवार को शाम 7 बजे से ही यहां डंपर दौड़ना शुरू हो गए। रोकटोक न हो इसके लिए बजरंग दल का एक अहम पदाधिकारी खुद मौके पर खड़ा था। मझोला पुलिस के दो सिपाही मौके पर पहुंचे भी लेकिन वो बजरंग दल नेता को देखकर ठिठक गए। नेता ने फोन पर किसी से बात कराई और सिपाही मौन वहीं खड़े हो गए। इसके बाद पुलिस की नजरों के सामने ही डंपरों के आने जाने का क्रम चला रहा। पास में ही बजरंग दल नेता की स्कार्पियो गाड़ी भी खड़ी थी।
दरअसल पुलिस गोकशी जैसे मामलों को लेकर इन नेताओं के प्रेशर में रहती है। खनन करा रहे नेताजी गोकशी के मामलों में बड़े मुखर होकर प्रदर्शन करते हैं। इसलिए पुलिस भी उनके अवैध खनन के धंधे से आंखें मूंदे है। पता नहीं कहां कंकाल मिल जाए और पुलिस के खिलाफ नेताजी प्रदर्शन शुरू कर दें। ऐसे में पुलिस भी अवैध खनन के इस खेल से नजरें फेरे है।
बजरंग दल नेता ने दैनिक भास्कर को अपने पक्ष के रूप में खनन की परमिशन का एक लेटर दिया है। इसमें परमिशन किसी भूपेंद्र नाम के व्यक्ति पर जारी हुई है। इसमें सिर्फ एक डंपर की परमिशन दी गई है। ये परमिशन 7 मई की रात 9:33 से 8 मई की दोपहर तक के लिए है। लेकिन मौके पर रॉयल्टी चोरी करके 15-20 डंपर दौड़ाए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *