IIT Kharagpur: नालंदा भवन से गिरकर छात्र अंकित शर्मा की मौत, पुलिस जांच शुरू

IIT Kharagpur: नालंदा भवन से गिरकर छात्र अंकित शर्मा की मौत, पुलिस जांच शुरू

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर परिसर में एक इमारत की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरकर 19 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर की है जब ‘‘मैकेनिकल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष का छात्र नालंदा भवन की तीसरी मंजिल की छत से गिर गया।’’
मृतक की पहचान राजस्थान के नागौर जिले के निवासी अंकित शर्मा के रूप में हुई है।

संस्थान के एक प्रवक्ता ने बताया कि इमारत के पास मौजूद कई छात्रों और अन्य लोगों ने एक तेज आवाज सुनी और जब देखा तो छात्र जमीन पर पड़ा था। अधिकारी ने बताया कि घायल छात्र को तुरंत परिसर स्थित बी. सी. रॉय टेक्नोलॉजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि खड़गपुर टाउन थाने की हिजली चौकी की एक टीम ने जांच शुरू कर दी है और किन परिस्थितियों में वह नीचे गिरा, इसका पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस अभी यह पता नहीं लगा पाई है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह थी। शर्मा के परिवार को सूचित कर दिया गया है और उसके शव को शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *