लखीमपुर-खीरी में भीषण हादसा, ट्रैक्टर-ट्राली खाईं में गिरी, 5 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

लखीमपुर-खीरी में भीषण हादसा, ट्रैक्टर-ट्राली खाईं में गिरी, 5 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक भीषण हादसा हो गया। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जहां मुंडन संस्कार की खुशियां अचानक चीख-पुकार और मातम में बदल गईं। पढुआ थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

हादसे का कारण ट्रैक्टर में दो ट्रालियों को जोड़ना बताया जा रहा है। दो ट्रालियों को जोड़कर करीब 80 से 90 लोगों को बिठाया गया था। हादसे में 23 लोग घायल हो गए। 9 की हालत गंभीर बनी हुई है। ट्रैक्टर में दो ट्रालियां बंधी होने के कारण चालक बैलेंस नहीं कर पाया, जिसकी वजह से दोनों ट्राली खाईं में जा गिरी।

शारदानगर थाना क्षेत्र के ग्राम सोहरिया निवासी बाल गोविंद अपने पांच वर्षीय बेटे ‘आदि’ का मुंडन कराने के लिए बहराइच के सुजौली स्थित कारीकोट देव स्थान जा रहे थे। उनके परिवार की परंपरा के अनुसार, बच्चों का मुंडन इसी स्थान पर होता आया है, इसलिए उनके साथ बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण भी दो ट्रालियों में सवार होकर निकले थे।

एक वाहन को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

जब यह काफिला पढुआ थाना क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने अपना संतुलन खो दिया। ट्रैक्टर के पीछे दो ट्रालियां जुड़ी होने के कारण वाहन पूरी तरह अनियंत्रित हो गया और दोनों ट्रालियां सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गईं।

जैसे ही ट्रालियां पलटीं, मौके पर कोहराम मच गया। भारी-भरकम ट्रालियों के नीचे कई लोग दब गए, जबकि अन्य सड़क पर दूर तक छिटक गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन ट्रालियों का वजन इतना अधिक था कि दबे हुए लोगों को निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था।

9 लोग गंभीर रूप से घायल

सूचना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस और एंबुलेंस की टीमें पहुंचीं। इस दुखद हादसे में 12 वर्षीय मासूम आरुषि, 15 वर्षीय नैंसी, 16 वर्षीय पंछी समेत राजकुमारी (40) और मखाना (45) ने दम तोड़ दिया। घायलों में 9 की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रशासन की ओर से अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पवन कुमार गौतम ने पुष्टि की है कि मामला दोपहर करीब 1 बजे का है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। हालांकि, यह घटना एक गंभीर सवाल छोड़ गई है। माल ढोने के लिए बने ट्रैक्टर-ट्रॉली को यात्रियों के लिए इस्तेमाल करने और एक साथ दो ट्रालियां जोड़ने जैसी लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवारों को उम्र भर का गम दे दिया है। फिलहाल प्रशासन घायलों के उपचार और मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *