Holi Special Pan Shots Recipe: इस होली, बोरिंग ड्रिंक्स को कहें अलविदा और अपनाएं यह जादुई ‘पान शॉट्स’। होली का त्योहार आते ही घरों में गुझिया, मठरी और ठंडाई की खुशबू महकने लगती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस बार कुछ ऐसा परोसा जाए जो परंपरा और मॉडर्न स्टाइल का परफेक्ट मिक्स हो? यह एक ऐसा वेलकम ड्रिंक है, जो न केवल आपको हाइड्रेटेड रखेगा, बल्कि आपकी होली पार्टी की रौनक भी बढ़ा देगा। अगर आप भी इस होली ‘Sip the Green’ मंत्र के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए ही है।
क्यों खास है यह पान शॉट्स?
होली के हुड़दंग और रंगों के बीच अक्सर हम पानी पीना भूल जाते हैं, जिससे थकान और डिहाइड्रेशन होने लगता है। ऐसे में बाजार की केमिकल वाली कोल्ड ड्रिंक्स पीने से अच्छा है कि आप घर पर ही कुछ नेचुरल तैयार करें। पान के पत्तों का चटख हरा रंग और गुलकंद की खुशबू इस ड्रिंक को इतना अट्रैक्टिव बनाती है कि बच्चे हों या बड़े, हर कोई इसे बार-बार मांगकर पिएगा। इसे बनाने में आपको घंटों किचन में पसीना बहाने की जरूरत नहीं है, बस 5 मिनट में आपका काम हो जाएगा।
इन चीजों का करें इस्तेमाल
- ताजे पान के पत्ते: 5-6 पत्ते (देसी पान पत्ते मिल जाए तो स्वाद और बढ़ जाएगा)
- गुलकंद: 2 बड़े चम्मच
- मिश्री: स्वादानुसार (मिश्री का इस्तेमाल पेट को ज्यादा ठंडक देता है)
- ड्राई फ्रूट्स: काजू, बादाम और पिस्ता के बारीक कटे हुए टुकड़े
- वनीला आइसक्रीम: 2-3 बड़े स्कूप
बनाने का एकदम आसान तरीका
- सबसे पहले पान के पत्तों को पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि धूल- मिट्टी साफ हो जाए। अब इनके डंठल हटाकर छोटे-छोटे टुकड़े कर लें।
- एक ब्लेंडर जार लें, उसमें पान के पत्ते, गुलकंद और मिश्री डालें। इसमें 2 चम्मच पानी डालकर इसे तब तक पीसें जब तक कि पत्तों का एकदम बारीक पेस्ट न बन जाए।
- जब पेस्ट तैयार हो जाए, तो इसमें वनीला आइसक्रीम डालें। अब मिक्सी को सिर्फ 30 सेकंड के लिए चलाएं ताकि सब कुछ अच्छे से मिल जाए।
- अब छोटे-छोटे कांच के ग्लासेस लें। ठंडाई को ग्लास में डालें।
- ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और थोड़ा- सा गुलकंद डालकर सजाएं। आपका ‘पान शॉट’ सर्व करने के लिए तैयार है।
सेहत और स्वाद का डबल डोज
- होली पर हम बहुत ज्यादा तला-भुना और मीठा खा लेते हैं। पान और गुलकंद नेचुरल डाइजेस्टिव होते हैं, जो पेट का भारीपन तुरंत दूर करते हैं।
- रंगों के बीच अक्सर मुंह का स्वाद बिगड़ जाता है, यह ड्रिंक एक बेहतरीन माउथ फ्रेशनर का काम करती है।
- मार्च की तपती धूप और होली की भागदौड़ में मिश्री और पान शरीर को अंदर से ठंडा रखते हैं।
- बिना किसी आर्टिफिशियल फ्लेवर के, यह ड्रिंक आपको तुरंत एनर्जी देगी।


