हिसार शहर के मिलगेट थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से डीजल और वाहनों की बैटरियां चोरी करने के मामले में 12 क्वार्टर चौकी पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मोहित उर्फ बच्ची को गिरफ्तार किया है। आरोपी को चौकी इंचार्ज एएसआई राकेश के नेतृत्व में मुखबरी के आधार पर गिरधर अस्पताल के पास स्थित डॉट-1 होटल के नजदीक से काबू किया गया। चौकी इंचार्ज एएसआई राकेश ने बताया कि बाबा विश्वकर्मा मार्केट के पास स्थित प्रमवीर एचपी पेट्रोल पंप से डीजल और वाहनों की वायरिंग चोरी होने की शिकायत मिली थी। शिकायत के अनुसार 18 और 19 दिसंबर 2024 की रात पेट्रोल पंप से करीब 1700 से 1800 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया था। इससे पहले भी पंप पर खड़ी दो गाड़ियों की वायरिंग चोरी की गई थी, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई थी। इसके अलावा 21 दिसंबर 2024 को भी यहां से गाड़ियों की बैटरियां चोरी होने की घटना सामने आई थी। बोलेरो गाड़ी पर था संदेह पुलिस को शिकायत में एक बोलेरो गाड़ी (HR20KX8686) और उसके चालक पर संदेह जताया गया था। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम पिछले करीब एक साल से संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबरी के आधार पर हिस्ट्रीशीटर मोहित उर्फ बच्ची निवासी गांव मंगाली सुरतिया को काबू किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले तीन-चार महीनों से एक होटल में रह रहा था। चार आरोपी शामिल, दो पहले ही गिरफ्तार पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल चार आरोपी शामिल थे और चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए बोलेरो गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था। इस केस में दो आरोपियों महाबीर और शालिनी उर्फ शालू, दोनों निवासी मंगाली सुरतिया, को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। आरोपी पर छह आपराधिक मामले दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी मोहित उर्फ बच्ची पर लड़ाई-झगड़ा, एनडीपीएस एक्ट, बैटरी चोरी, डीजल चोरी और सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज करने सहित छह मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।


