High Cholesterol: आंखों के आसपास पीले, शरीर में बढ़े कोलेस्ट्रॉल का हो सकता है संकेत, क्लीवलैंड क्लिनिक से जानें Xanthelasma के कारण

High Cholesterol: आंखों के आसपास पीले, शरीर में बढ़े कोलेस्ट्रॉल का हो सकता है संकेत, क्लीवलैंड क्लिनिक से जानें Xanthelasma के कारण

High Cholesterol Cause: सुबह शीशे में चेहरा देखते वक्त क्या कभी आपकी नजर आंखों की पलकों या उनके आसपास के कोनों पर पड़ी है? कई बार त्वचा पर हल्के पीले रंग की पपड़ी, छोटे दाने या उभरे हुए पैच दिखने लगते हैं। अक्सर लोग इन्हें साधारण मुहांसे, उम्र का असर या स्किन की कोई छोटी-मोटी एलर्जी मानकर अनदेखा कर देते हैं, क्योंकि इनमें न तो कोई दर्द होता है और न ही खुजली। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना किसी तकलीफ के दिखने वाले ये पीले धब्बे आपके खून में बह रही एक बड़ी गड़बड़ी का इशारा हो सकते हैं? मेडिकल की भाषा में आंखों की पलकों पर जमने वाले इन पीले धब्बों को ज़ैंथिलास्मा (Xanthelasma) और शरीर के बाकी हिस्सों पर फैले ऐसे निशानों को ज़ैंथोमा (Xanthoma) कहा जाता है। यह कोई बाहरी इंफेक्शन नहीं, बल्कि त्वचा के ठीक नीचे जमा हुआ फैट यानी वसा होती है। आइए समझते हैं कि यह स्थिति क्यों बनती है और इसे देखकर आपको समय रहते क्या कदम उठाने चाहिए।

यह पीले धब्बे असल में क्या होते हैं?

डर्मनेट के मुताबिक, हमारी त्वचा के अंदर खास तरह की कोशिकाएं होती हैं। जब खून में कोलेस्ट्रॉल या ट्राइग्लीसराइड्स (एक प्रकार का फैट) की मात्रा बहुत ज्यादा बढ़ जाती है, तो यह एक्स्ट्रा फैट नसों से छनकर त्वचा के नीचे जमा होने लगता है। जब ये कोशिकाएं फैट से पूरी तरह भर जाती हैं, तो बाहर से त्वचा हल्की पीली, नारंगी या मोम जैसी उभरी हुई दिखाई देने लगती है। वैसे तो ज़ैंथोमा शरीर में कहीं भी हो सकता है जैसे कोहनी, घुटने, हथेलियों, तलवों या टखने के पीछे की नसों पर। लेकिन इसका सबसे आम रूप आंखों की पलकों के ऊपरी या निचले कोनों पर देखने को मिलता है। ये निशान छूने में थोड़े कड़े या मुलायम हो सकते हैं और धीरे-धीरे इनका आकार बढ़ सकता है।

शरीर में छुपा कौन-सा खतरा बताते हैं ये निशान?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, आंखों के पास दिखने वाले यह धब्बे खुद में कोई खतरनाक बीमारी नहीं हैं, लेकिन ये शरीर के अंदर पल रही अन्य समस्याओं का सिग्नल (Warning Signal) होते हैं;

  • हाई एलडीएल कोलेस्ट्रॉल (खराब कोलेस्ट्रॉल)।
  • दिल की बीमारियों का जोखिम।
  • अनकंट्रोल डायबिटीज।
  • थायरॉयड और लिवर की समस्या।
  • आनुवंशिक कारण (खानदानी असर)।

क्या इन्हें त्वचा से हटाना ही काफी है?

बहुत से लोग इन धब्बों को हटाने के लिए ब्यूटी क्लिनिक या लेजर ट्रीटमेंट का सहारा लेते हैं। डॉक्टर लेजर, केमिकल पील या छोटी सर्जरी से इन्हें ऊपर से साफ तो कर सकते हैं, लेकिन अगर आपने असली वजह (हाई कोलेस्ट्रॉल) का इलाज नहीं किया, तो ये निशान कुछ ही महीनों में दोबारा निकल आते हैं।इसलिए असली इलाज त्वचा के ऊपर नहीं, बल्कि शरीर के अंदर छिपे कारण का होना चाहिए। जब आप खान-पान और दवाओं के जरिए अपने कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लीसराइड्स को सामान्य स्तर पर लाते हैं, तो यह धब्बे खुद-ब-खुद हल्के होने लगते हैं या नए बनने बंद हो जाते हैं।

इन निशानों को देखकर तुरंत क्या करें?

अगर आपको अपनी आंखों के आसपास या शरीर पर इस तरह के पीले उभार दिखें, तो घबराने की जरूरत नहीं है, बस इन बातों का ध्यान रखें;

  • लिपिड प्रोफाइल टेस्ट करवाएं।
  • खान-पान में बदलाव।
  • वजन और फिजिकल एक्टिविटी।
  • घरेलू नुस्खे आजमाने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *