बीकानेर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 प्रसूताओं की बिगड़ी तबीयत, कोटा के ऐसे ही मामले में 5 महिलाओं की हुई थी मौत

बीकानेर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 प्रसूताओं की बिगड़ी तबीयत, कोटा के ऐसे ही मामले में 5 महिलाओं की हुई थी मौत

राजस्थान में प्रसूताओं के स्वास्थ्य को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। कोटा के सरकारी अस्पताल में किडनी इन्फेक्शन के कारण 5 प्रसूताओं की मौत मामले के बाद बीकानेर के PBM हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 महिलाओं की तबीयत अचानक बिगड़ने का मामला सामने आया है। सभी महिलाओं को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। इनमें से एक महिला की स्थिति अधिक नाजुक होने के कारण उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और अन्य मरीजों की मॉनिटरिंग की जा रही है।

10 से 15 दिन पहले हुई है डिलीवरी

जानकारी के अनुसार सभी महिलाओं की उम्र 20 से 27 वर्ष के बीच है और उनकी डिलीवरी करीब 10 से 15 दिन पहले अस्पताल के जनाना विंग में हुई थी। शुरुआत में प्रसव के बाद उनकी हालत सामान्य थी लेकिन कुछ दिनों बाद एक-एक करके सबकी तबियत बिगड़ने लगी। मरीजों में किडनी से जुड़ी समस्याएं, पेशाब कम होना, प्लेटलेट्स में गिरावट, संक्रमण और अन्य गंभीर लक्षण नजर आए। इसके बाद उन्हें ICU में भर्ती करके स्पेशल डॉक्टर की टीम की निगरानी में उपचार शुरू किया।

ये बोला अस्पताल प्रशासन

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार ये किडनी इंजरी के कई कारण हो सकते हैं। संक्रमण, अत्यधिक रक्तस्राव, गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताएं या अन्य चिकित्सकीय कारणों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल किसी कारण की पुष्टि नहीं हुई है और विशेषज्ञों की टीम पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

कोटा में भी सामने आया था ऐसा मामला

कुछ दिन पहले कोटा में भी सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की मौत का मामला सामने आया था जिसमें 5 महिलाओं की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *