Haryana BJP सरकार के दो साल पर Congress का हमला, बुधवार को राज्यभर में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

Haryana BJP सरकार के दो साल पर Congress का हमला, बुधवार को राज्यभर में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि वह हरियाणा में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दो साल पूरे होने पर उसके ‘‘कुशासन, अधूरे वादों और जनविरोधी नीतियों’’ को उजागर करेगी। प्रदेश कांग्रेस ने बताया कि हरियाणा में भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बुधवार को राज्यभर में प्रेसवार्ता करेंगे। उसने कहा कि प्रेसवार्ता करने वाले नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राव नरेंद्र सिंह, बीरेंद्र सिंह, कुमारी सैलजा, राज बब्बर, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, जय प्रकाश और वरुण चौधरी होंगे।

प्रदेश कांग्रेस ने एक बयान में कहा, ‘‘पार्टी के नेता सरकार के दो साल के कुशासन, अधूरे वादों, जनविरोधी नीतियों और प्रशासनिक विफलताओं को उजागर करेंगे।’’
हरियाणा में भाजपा सरकार ने शनिवार को लगातार तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे किये। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हरियाणा में किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं, विद्यार्थी और छोटे व्यापारी सहित समाज का हर वर्ग भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान है तथा खुद को ‘‘ठगा हुआ’’ महसूस कर रहा है। पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी एवं बिगड़ती कानून-व्यवस्था ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

कांग्रेस ने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री जनसमस्याओं पर ध्यान देने के बजाय विदेश दौरों और दूसरे राज्यों की राजनीतिक यात्राओं में व्यस्त रहते हैं। पार्टी ने कहा कि हरियाणा की जनता जवाबदेही मांग रही है, लेकिन सैनी समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं। कांग्रेस ने सरकार से दो साल के कामकाज का हिसाब देने और हरियाणा की जनता को जवाब देने की मांग की।

विपक्षी दल ने दावा किया कि भाजपा के विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत गंभीर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *