Haryana के पूर्व सैनिक Lal Chand Godara ने 85 साल की उम्र में IGNOU से किया MA

Haryana के पूर्व सैनिक Lal Chand Godara ने 85 साल की उम्र में IGNOU से किया MA

हरियाणा के सिरसा निवासी और पूर्व सैनिक लाल चंद गोदारा ने 85 साल की उम्र में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से परास्नातक की डिग्री हासिल की है और अब वह पीएचडी या कानून की पढ़ाई करना चाहते है। गोदारा ने 76 साल की उम्र में दोबारा पढ़ाई शुरू की थी। उनके पोते-पोतियों के सवालों ने उनमें अधूरी रह गई शिक्षा पूरी करने की इच्छा जगा दी थी।

पांच साल बाद 81 वर्ष की उम्र में उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी की और अब परास्नातक की डिग्री भी हासिल कर ली। गोदारा के बेटे डॉ. साहिब राम गोदारा ने रविवार को बताया, ‘‘मेरे पिता ने इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स की पढ़ाई पूरी की है। इससे पहले उन्होंने 2023 में स्नातक भी पूरा किया था।’’
गोदारा ने कहा कि परिस्थितियों के कारण उनकी पढ़ाई अधूरी रह गई थी और शिक्षा उनके जीवन का अधूरा अध्याय बनकर रह गई थी।

उन्होंने 20 वर्ष की उम्र से पहले सेना में भर्ती होकर देश की सेवा की। इसके बाद उन्होंने हरियाणा परिवहन विभाग में ‘यार्ड मास्टर’ के रूप में काम किया। 2002 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने खेलों में भी रुचि ली और हरियाणा मास्टर्स एथलेटिक्स व अन्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक जीते।

गोदारा के बड़े बेटे ने बताया कि छोटे बेटे के दो बच्चों के सवालों के बाद उनकी (गोदारा) किताबों में रुचि फिर जागी। उनके बेटे साहिब राम ने कहा, ‘‘मेरे पिता को युवावस्था से ही किताबों में गहरी रुचि थी। वह डायरी भी लिखते थे क्योंकि लिखने से उन्हें काफी संतोष मिलता था।’’
उन्होंने कहा कि जीवन की परिस्थितियों के कारण पिता अपनी शैक्षणिक इच्छा पूरी नहीं कर सके लेकिन पोते-पोतियों के सवालों ने उनकी पढ़ने की इच्छा फिर जगा दी और उन्होंने 76 साल की उम्र में पढ़ने की दोबारा शुरुआत की।

गोदारा ने कहा कि उनकी यात्रा यह दिखाती है कि सीखने की इच्छा किसी भी उम्र में नहीं रुकनी चाहिए और शिक्षा व्यक्ति का नजरिया व्यापक बनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *