हरदोई बार काउंसिल चुनाव:पहले दिन कुल 2186 मतदाताओं में से 848 अधिवक्ताओं ने किया मतदान

हरदोई में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य पद के लिए मंगलवार को मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। दो दिवसीय निर्वाचन के पहले दिन दीवानी न्यायालय परिसर में कुल 2186 पंजीकृत मतदाताओं में से 848 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान शाम 5:20 बजे तक चला। मतदान के पहले दिन कचहरी परिसर में चुनावी माहौल देखा गया। परिसर विभिन्न प्रत्याशियों के बैनरों और पोस्टरों से सजा था। समर्थकों की भीड़ अपने उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटी थी। स्थानीय हरदोई और आसपास के जिलों के उम्मीदवारों को लेकर अधिवक्ताओं में समर्थन दिखाई दिया। पहले 3 तस्वीरें देखिए… मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशियों ने सहायता कैंप लगाए थे, जहाँ वे अधिवक्ता मतदाताओं से वोट की अपील कर रहे थे। वरिष्ठ और युवा अधिवक्ताओं दोनों में इस चुनाव को लेकर रुचि देखी गई। प्रभारी अधिकारी (निर्वाचन) एवं न्यायाधीश मनमोहन सिंह की देखरेख में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल और स्मार्ट वॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं थी। न्याय भवन और दीवानी गेट पर सुरक्षा बलों द्वारा सघन चेकिंग के बाद ही अधिवक्ताओं को प्रवेश दिया गया। मतदाताओं ने अपने सीओपी (COP) और बार कौंसिल के मूल पहचान पत्रों के साथ मतदान किया।निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को मतदान समाप्त होने के बाद, बुधवार सुबह 10 बजे से दोबारा मतदान शुरू होगा। जो अधिवक्ता पहले दिन वोट नहीं डाल पाए, वे बुधवार शाम 5 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *