Haiwaan Box Office Collection Day 1: ओपनिंग पर ‘हनुमान अंश’ ने चटाई ‘हैवान’ को धूल, 36वें दिन नीम करोली बाबा की फिल्म हुई 200 करोड़ पार

Haiwaan Box Office Collection Day 1: ओपनिंग पर ‘हनुमान अंश’ ने चटाई ‘हैवान’ को धूल, 36वें दिन नीम करोली बाबा की फिल्म हुई 200 करोड़ पार

Haiwaan Box Office Collection Day 1: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ से दर्शकों और ट्रेड एक्सपर्ट्स को बड़ी उम्मीदें थीं। लेकिन बॉक्स ऑफिस से जो पहले दिन के आंकड़े सामने आए हैं, वह बेहद निराशाजनक हैं। कमजोर माउथ पब्लिसिटी और दर्शकों की बेरुखी के चलते ‘हैवान’ ओपनिंग पर फिल्म कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। वहीं हनुमान अंश ने अपनी रिलीज के 36वें दिन ही हैवान को पछाड़कर 200 करोड़ के क्लब में एंट्री मार ली है और शानदार कलेक्शन कर बढ़त हासिल की है। आइये जानते हैं किस फिल्म ने कितना किया है कलेक्शन?

हैवान ने ओपनिंग पर कितना किया कलेक्शन?

सैकनिल्क (Sacnilk) के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 110 से 125 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी ‘हैवान’ भारत में पहले दिन यानी शुक्रवार 11 सितंबर को महज 3 करोड़ ही कमा पाई है। फिल्म का ऑल इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 3.60 करोड़ रहा, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन सिर्फ 4.60 करोड़ तक पहुंच सका।

‘हैवान’ देख निराश हुए दर्शक

फिल्म का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखकर निकले दर्शकों ने सोशल मीडिया पर भारी निराशा जताई है। दर्शकों का कहना है कि रिलीज से पहले जितना शोर मचाया गया था, फिल्म में वैसा कुछ भी खास नहीं है।

एक दर्शक ने बाहर आकर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, “फिल्म देखकर मुझे बहुत दुख हुआ। इसमें कुछ नया देखने को नहीं मिला, यह बेहद सामान्य और घिसी-पिटी कहानी है। थिएटर में बैठे लोग आधे घंटे में ही बोर होने लगे थे। हमें लगा था कि सेकेंड हाफ अच्छा होगा, लेकिन उसे देखकर लगा कि पहला हाफ ही बेहतर था। अक्षय और सैफ इस रोल में बिल्कुल फिट नहीं बैठ रहे हैं।” वहीं कई लोगों ने इसकी तारीफ भी की है।

मोहनलाल की ब्लॉकबस्टर ‘ओप्पम’ का रीमेक है फिल्म

बहुत कम लोग जानते हैं कि प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘हैवान’ दरअसल 2016 की सुपरहिट मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ की आधिकारिक रीमेक है। मूल फिल्म में साउथ के दिग्गज सुपरस्टार मोहनलाल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। मात्र 7 करोड़ के बजट में बनी ‘ओप्पम’ ने उस समय 64 करोड़ की रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी।

हालांकि, प्रियदर्शन बॉलीवुड में अपनी इस रीमेक का जादू चलाने में नाकाम साबित हुए हैं। 125 करोड़ के बड़े बजट को देखते हुए पहले दिन की यह मामूली ओपनिंग फिल्म के लिए खतरे की घंटी बताई जा रही है।

हनुमान अंश से हारी हैवान

वहीं, फिल्म की तुलना अगर बॉक्स ऑफिस पर पहले से चल रही ब्लॉकबस्टर ‘हनुमान अंश’ से करें, तो ‘हैवान’ का प्रदर्शन बेहद खराब है। महज 2 करोड़ के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ अपनी रिलीज के 36वें दिन भी 5,743 शोज से शुक्रवार को लगभग 11 करोड़ कमाए हैं यानी 10.50 करोड़ का धांसू कलेक्शन किया है। 36वें दिन ‘हनुमान अंश’ की कमाई ‘हैवान’ के पहले दिन के कलेक्शन से तीन गुना से भी ज्यादा रही है। ‘हनुमान अंश’ अब तक भारत में 173.63 करोड़ नेट और दुनियाभर में 205.15 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है।

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म हनुमान अंश की भारी डिमांड और सफलता को देखते हुए इसे विदेशी सिनेमाघरों में भी 11 सितंबर को रिलीज कर दिया गया है। उम्मीद है कि वर्ल्डवाइड भी फिल्म अच्छा कारोबार कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *