सीतापुर में जिम ट्रेनर की सड़क हादसे में मौत:घर लौटते समय ट्रक ने कुचला, चालक मौके से फरार

सीतापुर में जिम ट्रेनर की सड़क हादसे में मौत:घर लौटते समय ट्रक ने कुचला, चालक मौके से फरार

सीतापुर के रामपुरमथुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में जिम ट्रेनर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि दुर्घटना में शामिल दूसरी बाइक का चालक भी मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान रामपुर मथुरा निवासी रणजीत सिंह (34) पुत्र जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। रणजीत सिंह पेशे से जिम ट्रेनर थे। परिजनों के मुताबिक वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह सदरपुर स्थित जिम में प्रशिक्षण देने गए थे। जिम में प्रशिक्षण समाप्त करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विशेषण मार्ग के पास रणजीत की बाइक की टक्कर सामने से आ रही दूसरी बाइक से हो गई। इसी दौरान पीछे से उर्वरक लादकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक संख्या UP 34 AT 2084 ने रणजीत की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रणजीत ट्रक की चपेट में आ गए और काफी दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायल रणजीत को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा किया। बताया जा रहा है कि चालक कुछ दूरी पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। वहीं दूसरी बाइक का चालक भी मौके से भागने में सफल रहा। सूचना मिलते ही रामपुर मथुरा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। रणजीत की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि रणजीत की शादी कुछ वर्ष पहले हुई थी और उनका एक वर्ष का बेटा भी है। पुलिस फरार ट्रक चालक और दूसरी बाइक के अज्ञात चालक की तलाश कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *