राजकोट। गुजरात के कोडीनार से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक और पूर्व संसदीय सचिव जेठा दाना सोलंकी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। राजकोट के हेमू गढ़वी हॉल में आयोजित सौराष्ट्र जोन की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने जेठा सोलंकी को पार्टी का गमछा पहनाकर कांग्रेस में आधिकारिक रूप से शामिल किया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जेठा सोलंकी ने भाजपा नेताओं दीनू बोघा सोलंकी और शिवा सोलंकी पर गंभीर आरोप लगाए।
‘असामाजिक तत्वों का बोलबाला’
उन्होंने कहा कि आज कोडीनार में असामाजिक तत्वों का बोलबाला है। उनके आतंक और दबाव के कारण आम और छोटे लोगों के काम नहीं हो पा रहे हैं। इस नाकेबंदी और जनता की नाराजगी की वजह से ही मैंने भाजपा छोड़ने का निर्णय लिया है। इलाके के वरिष्ठ नेताओं और आम जनमानस के आग्रह पर ही मैंने कांग्रेस का हाथ थामा है। जेठा सोलंकी ने स्पष्ट किया कि उनकी यह वापसी किसी राजनीतिक फायदे या वादे के आधार पर नहीं हुई है।
‘कोडीनार में मूलभूत सुविधाओं का अभाव’
उन्होंने कहा कि मुझे व्यक्तिगत रूप से कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन जनता को लगातार परेशान किया जा रहा था। आज कोडीनार में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। किसान खाद और बीज की बढ़ती कीमतों और किल्लत से बेहाल हैं। हमारे बुजुर्गों ने जिन सार्वजनिक संस्थानों को मेहनत से खड़ा किया था, उन्हें जनता की सहमति के बिना आईपीएल कंपनी को सौंप दिया गया। उल्लेखनीय है कि जेठा सोलंकी वर्ष 2012 में भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे और राज्य सरकार में संसदीय सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
भाजपा के सभी दायित्वों से दिया था इस्तीफा
हालांकि पार्टी से मतभेदों के चलते उन्होंने वर्ष 2017 में विधायक पद और भाजपा के सभी दायित्वों से इस्तीफा दे दिया था। तभी से उनके कांग्रेस में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिस पर अब विराम लग गया है। बैठक में गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सौराष्ट्र ज़ोन के प्रभारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसदों सहित क्षेत्र के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जेठा सोलंकी की घर वापसी से कोडीनार क्षेत्र में कांग्रेस को नया बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

