Gujarat News: पुलिस आने की अफवाह पर जुआ खेल रहे 11 युवक भागे, खुले कुएं में गिरने से तीन की मौत

Gujarat News: पुलिस आने की अफवाह पर जुआ खेल रहे 11 युवक भागे, खुले कुएं में गिरने से तीन की मौत

राजकोट। भावनगर जिले की घोघा तहसील के उखरला गांव में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में जुआ खेल रहे 11 लोग अचानक भागने लगे। इसी दौरान अंधेरे में खुले कुएं का पता नहीं चलने से तीन युवक उसमें गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उखरला गांव के एक खेत में देर रात करीब 11 लोग एकत्र होकर जुआ खेल रहे थे।

गहरे पानी में डूबने से मौत

इसी दौरान किसी संदिग्ध हलचल या पुलिस के आने की अफवाह के चलते वहां “भागो… भागो…” की आवाज सुनाई दी। इसके बाद सभी लोग भागने लगे। अंधेरा होने के कारण खेत में खुले कुएं का पता नहीं चला और तीन युवक उसमें गिर गए। गहरे पानी में डूबने से तीनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान राहुल चौहान, निलेश डाभी और अजीतसिंह सिंधा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कुएं से तीनों युवकों के शव बाहर निकाले गए। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भावनगर के सर टी अस्पताल पहुंचाया गया।

परिजनों के रुदन से अस्पताल का माहौल गमगीन

घटना की खबर फैलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल परिसर में पहुंच गए। एक साथ तीन युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उनके रुदन से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। घटना से उखरला गांव सहित पूरे तहसील क्षेत्र में शोक की लहर है।

वरतेज पुलिस थाने के पुलिस उप निरीक्षक ने बताया कि सोमवार रात घोघा तहसील के उखरला गांव के एक खेत में कुछ लोग एकत्र हुए थे। मंगलवार सुबह फोन से सूचना मिली कि खेत में स्थित कुएं में शव पड़ा है। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और एक के बाद एक तीन शव बरामद किए। सभी शवों को भावनगर के सर टी अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई।

छापेमारी के आरोप को पुलिस ने नकारा

मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक जुआ खेल रहे थे और इसी दौरान पुलिस ने छापेमारी की, जिसके बाद सभी भागने लगे। इस आरोप के संबंध में उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से कोई छापेमारी नहीं की गई थी। पुलिस वहां गई ही नहीं थी। युवक किस कारण से एकत्र हुए थे, इसकी फिलहाल जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *