Gujarat Murder: पत्नी चुटकी बजाकर धमकाती थी- वही होगा, जो मैं कहूंगी, गुस्साए पति ने कर दी हत्या

Gujarat Murder: पत्नी चुटकी बजाकर धमकाती थी- वही होगा, जो मैं कहूंगी, गुस्साए पति ने कर दी हत्या

जूनागढ़। घरेलू विवाद से परेशान एक लैब टेक्नीशियन ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। उसने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर वारदात की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी के वीडियो के आधार पर किराए के मकान से उसकी पत्नी का शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस को संदिग्ध परिस्थितियों में पति का भी शव मिला।

मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड किया

मृतक की पहचान केशोद की सुमन सोसायटी में रहने वाले 27 वर्षीय गिरीश बालसे के रूप में हुई है। वह अर्बन हेल्थ सेंटर में अनुबंध पर लैब टेक्नीशियन के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि गिरीश की शादी को चार साल हुए थे और पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार गिरीश ने पत्नी विजया की गला दबाकर हत्या की। इसके बाद उसने वॉट्सऐप पर आखिरी स्टेटस लगाया और मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में उसने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की।

वीडियो में कहा- पत्नी की हत्या की, जिम्मेदारी मेरी

गिरीश ने वीडियो में कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या की है और इस वारदात की पूरी जिम्मेदारी वही लेता है। उसने कहा कि उसका पत्नी की जान लेने का इरादा नहीं था, लेकिन लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया। उसने वीडियो में पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना और घरेलू विवाद के आरोप भी लगाए। गिरीश ने यह भी दावा किया कि पत्नी के साथ विवाद को लेकर वह पुलिस थाने गया था।

धमकाने का आरोप

उसने आरोप लगाया कि उसके खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी जाती थी और उस पर कर्ज भी बढ़ गया था। उसने यह भी कहा कि उसकी पत्नी की हत्या में किसी अन्य व्यक्ति का हाथ नहीं है। वीडियो में आगे कहा गया कि छह महीने से मैं मर-मरकर जी रहा हूं। उसे मुझसे कोई लगाव नहीं था। उसे बस अपनी जरूरतों से मतलब था। वह मुझे परेशान करना चाहती थी। वह मुझसे कहती थी कि मैं तुम्हें परेशान करती रहूंगी। वह यह भी कहती थी कि तुम पुलिस थाने जाओ, जहां जाना है जाओ, मेरा कुछ नहीं होगा। कल भी वह पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराकर आई थी। वहां से आने के बाद सीधे मुझे धमकाने लगी। वह चुटकी बजाकर धमकाती थी कि वही होगा, जो मैं कहूंगी।

ट्रेन की चपेट में आया

मिली जानकारी के अनुसार केशोद फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आए एक युवक का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से पुलिस को गिरीश का मोबाइल फोन मिला। मोबाइल अनलॉक करने पर पुलिस को उसका वीडियो मिला। वीडियो में गिरीश ने किराए के मकान में पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की थी। इसके बाद पुलिस वीडियो के आधार पर सुमन सोसायटी स्थित उसके किराए के मकान पर पहुंची।

कमरे में मिली पत्नी की लाश

पुलिस के पहुंचने पर मकान का दरवाजा बाहर से बंद था। परिवार के सदस्यों और स्थानीय पंचों की मौजूदगी में दरवाजे का ताला तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई। कमरे में विजया का शव मिला। उसके गले पर निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने पंचनामा कर दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *